बांसवाड़ा में चार भाइयों ने मिलकर लाठियों और कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई की हत्या कर दी। युवक की 2 पत्नी हैं। उनका आरोप है कि चारों छोटे भाई उनके पति को चर्च में पादरी के पास ले जाने का दबाव बना रहे थे। वह नहीं माने तो एक साथ हमला कर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि गांव में चर्च ही नहीं है। मामला कलिंजरा थाना इलाके की पाटन ग्राम पंचायत के शंभूपुरा गांव का सोमवार रात का है। भाइयों में दिवाली पर हुई थी झगड़े की शुरुआत
कलिंजरा थाना सीआई विक्रम सिंह ने बताया- सोमवार रात 8 बजे शंभूपुरा में मारपीट की सूचना पर पहुंचे थे। वहां कालू सोलंकी भील (35) पुत्र लक्ष्मण घायल अवस्था में मिला। उसे हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सीआई विक्रम सिंह ने बताया- ये 6 भाइयों का परिवार है। इनमें सबसे बड़ा भाई कालू और दूसरे नंबर का कमलेश सोलंकी भील एक पक्ष हैं। वहीं चारों छोटे भाई विनोद, राकेश, रविंद्र और दीतेश सोलंकी भील दूसरा पक्ष हैं। इनके बीच विवाद हुआ था। विवाद की क्या वजह रही, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि दीपावली पर इन भाइयों में कोई झगड़ा हुआ था। उसके बाद सोमवार रात यह घटना हुई। वहीं चर्च ले जाने की बात विवाद का मामला नहीं है। गांव में चर्च ही नहीं है। पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। ऐहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस का जाब्ता लगाया गया है। भाई बोला- पारिवारिक कलह के कारण मार डाला
कमलेश ने अपने चारों छोटे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। इसमें बताया- सभी भाई सूरत में मजदूरी करते हैं। दिवाली पर ही घर आए थे। दिवाली के दिन पारिवारिक विवाद हो गया। ऐसे में छोटे भाई विनोद, राकेश, रविंद्र और दीतेश नाराज चल रहे थे। सोमवार रात अचानक आकर उन्होंने कालू पर हमला कर दिया। लाठियों और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पत्नी का आरोप- चर्च ले जाने का दबाव बना रहे थे
कालू की 2 पत्नी जीवी और मंगली हैं। मॉर्च्युरी के बाहर मौजूद पहली पत्नी जीवी ने बताया- 4 छोटे भाइयों ने मेरे आदमी (पति) के साथ मारपीट की। चर्च जाने का दबाव बना रहे थे। कहते थे चलना पड़ेगा, नहीं जाएगा तो मार के फेंक देंगे। इसके बाद सोमवार रात लेने आए। हथियार भी साथ लेकर आए थे। कह रहे थे हम भी (चर्च) जाते हैं, तुम्हें भी साथ चलना पड़ेगा। हालांकि पुलिस के साथ ही कमलेश ने भी जबरन चर्च ले जाने की बात से इनकार किया है। मामले में जांच जारी है।