छोटी सादड़ी पुलिस ने कारूण्डा गांव में आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट के एक मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह और वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया। तीन दिन पहले हुई थी शिकायत दर्ज यह घटना 18 मार्च 2026 को हुई थी। छोटी सादड़ी थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें प्रार्थी ने बताया था कि कारूण्डा गांव में उसकी दुकान और मकान में आगजनी कर तोड़फोड़ की गई और उसके साथ मारपीट भी की गई। शिकायत के आधार पर छोटी सादड़ी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अभियुक्तों की तलाश के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में कारूण्डा निवासी मोनु उर्फ लोकेन्द्र सिंह राजपूत (पिता गजराज सिंह), मनोहर माली (पिता प्रहलाद), खेमराज उर्फ कारूलाल पाटीदार (पिता मांगीलाल), नितेश कुमार रावल उर्फ चिन्टूनाथ (पिता मांगीलाल उर्फ मांगुनाथ), देवीलाल गुर्जर (पिता कारूलाल), गजेन्द्र उर्फ गज्जू जाट (पिता कन्हैयालाल) और राजमल उर्फ राजू तेली (पिता भैरूलाल) शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।