नागौर में छुट्टी पर घर आए सेना के हवलदार का हार्ट अटैक से निधन हो गया। मणिपुर में पोस्टेड हवलदार को शनिवार (25 जुलाई) शाम को घर पर ही चक्कर आए और बेहोश होकर गिर गए। जिला हॉस्पिटल में जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अलाय गांव के रहने वाले भगवाना राम (40) के निधन की जानकारी परिवार ने सेना के अधिकारियों को दी। रविवार (26 जुलाई) सुबह उनके साथी जवान नागौर पहुंचे। तिरंगा यात्रा के बाद उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले बेटे को तिरंगे में लिपटा देख उनकी मां रोते-रोते बेसुध हो गई। भगवाना राम की पत्नी और उनके बच्चे भी पार्थिव देह से लिपट गए। परिवार ने बताया कि भगवान राम एकदम हेल्दी थे। उन्हें कोई बीमारी नहीं थी। वे यकीन नहीं कर पा रहे हैं अचानक वो हमें छोड़कर चले गए। सबसे पहले देखिए- जवान के अंतिम संस्कार से जुड़ी PHOTOS 9 अगस्त को ड्यूटी पर लौटने वाले थे भगवाना राम नागौर शहर की संजय कॉलोनी में रहने वाले भगवाना राम 9 जुलाई को छुट्टियों में घर आए थे। उनके पड़ोसी गुलाब राम ने बताया कि शनिवार शाम को अचानक उनके सीने में दर्द हुआ और बेहोश होकर नीचे गिर गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार भगवाना राम की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वे 7 अगस्त को वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे। रविवार सुबह भगवाना राम की पार्थिव देह को पहले अंतिम दर्शन के लिए नागौर की संजय कॉलोनी में उनके घर ले जाया गया। इसके बाद उनके पैतृक गांव अलाय में पार्थिव देह ले जाई गई। नारे और जयघोष से गूंजीं गांव की गलियां अलाय गांव में सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई भगवाना राम की तिरंगा यात्रा दोपहर एक बजे अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों की संख्या ग्रामीण शामिल थे। बच्चे देशभक्ति के नारे लगाते हुए तिरंगा यात्रा में चल रहे थे। गांव की गलियां देशभक्ति के नारों से गूंज रही थीं। तिरंगा यात्रा में शामिल लोग भगवाना राम के गांव में बिताए बचपन और उनके देशप्रेम के जज्बे को याद करते हुए भावुक दिखाई दिए। 20 साल की उम्र में जॉइन की थी आर्मी भगवाना राम के परिवार ने बताया कि बेटे ने 8 जुलाई 2006 को आर्मी जॉइन की थी। वे महार रेजिमेंट का हिस्सा थे। नॉर्थ इंफाल (मणिपुर) में पोस्टिंग से पहले वे गलवान, भुज, उद्यमपुर सहित 8 जगह पोस्टेड रहे। भगवान राम के परिवार में माता-पिता के साथ उनकी पत्नी परमा देवी, बेटा नीलेश (5) और बेटियां खुशबू (15) और सोनाक्षी (11) हैं। …. ये खबर भी पढ़िए… दवा के ओवरडोज से सेना के जवान को हार्टअटैक, मौत:छुट्टियों के बाद ड्यूटी पर लौटते समय बिगड़ी थी तबीयत; सैन्य सम्मान से अंतिम विदाई दवा के ओवरडोज के कारण आए हार्ट अटैक से शनिवार को ओसियां (जोधपुर) के सेना के जवान जयप्रकाश (30) की मौत हो गई। जयप्रकाश छुटि्टयां बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। पूरी खबर पढ़िए…