अलवर के बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में बुधवार को प्रदर्शन किया। छात्रों ने गुस्से में कहा-अगर हालात नहीं सुधरे तो हम आत्मदाह करेंगे। कॉलेज छात्र विजय यादव ने कहा- जरूरत पड़ी तो स्टाफ की कारों के शीशे तोड़ देंगे। छात्रों ने प्रिंसिपल का घेराव कर स्टाफ पर आरोप लगाया कि आधे लेक्चरर हाजिरी लगाकर घर चले जाते हैं। छात्रों को कुछ नहीं पढ़ाया जाता है। छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। प्रिंसिपल के आने पर घेराव करते हुए अपनी मांगें रखीं। छात्रों का साफ कहना था कि कॉलेज में पढ़ाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। अगर व्यवस्थाएं जल्द नहीं सुधरीं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को घेरते हुए आरोप लगाए: हाजिरी लगाकर रफूचक्कर: छात्रों का आरोप है कि कॉलेज का आधा स्टाफ सुबह आता है, रजिस्टर में हाजिरी लगाता है और फिर चुपके से अपने घर या दूसरे कामों के लिए निकल जाता है। क्लास रूम खाली, पढ़ाई ठप: जब प्रोफेसर ही कॉलेज में नहीं रुकते, तो कक्षाएं भगवान भरोसे हैं। छात्रों को पढ़ाया ही नहीं जा रहा है। कॉलेज में पढ़ाई न होने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों को मजबूरी में बाहर भारी-भरकम फीस देकर कोचिंग लेनी पड़ रही है। गंदगी का अंबार: छात्रों ने बताया कि कॉलेज के टॉयलेट इस कदर बदबूदार और गंदे हैं कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल है। पीने के पानी से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक की कोई सुध लेने वाला नहीं है।
जांच कराएंगे, व्यवस्था सुधारेंगे: प्रिंसिपल हंगामे और तीखे विरोध को देखते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल अशोक आर्य ने छात्रों से समझाइश की। छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। प्रिंसिपल अशोक आर्य ने कहा- हम छात्रों की शिकायतों को गंभीरता से ले रहे हैं। हम मामले की जांच कराएंगे और व्यवस्था में सुधार करेंगे।
