“मम्मा, मुझे स्कूल नहीं जाना है, प्लीज मुझे मत भेजो,” यह मासूम आवाज अब हमेशा के लिए खामोश हो गई। जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की छात्रा अमायरा (9) 1 नवंबर को चौथी मंजिल से कूद गई थी। अब मां-बेटी की बातचीत का एक 6 महीने पुराना ऑडियो सामने आया है, जिसमें अमायरा स्कूल नहीं जाने की जिद कर रही है। ऑडियो में अमायरा फफक-फफककर रोते हुए कह रही है कि वह अब स्कूल नहीं जाना चाहती। इस ऑडियो को शिवानी ने अपनी बेटी की क्लास टीचर को भेजा था, ताकि स्कूल समझ सके कि बच्ची मानसिक रूप से परेशान है, लेकिन टीचर की ओर से कोई जवाब नहीं आया। अमायरा के माता-पिता राजस्थान सरकार द्वारा की जा रही जांच से असंतुष्ट हैं। वह स्कूल के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ इस तरह की घटना न हो। इस मांग को लेकर 12 नवंबर को स्कूल के खिलाफ कैंडल मार्च भी निकाल जाएगा। एक साल में कई बार स्कूल प्रशासन से शिकायत की थी
अमायरा के पिता विजय मीणा और मां शिवानी का आरोप है कि पिछले एक साल में कई बार स्कूल प्रशासन से शिकायत की थी कि कुछ बच्चे उनकी बेटी को चिढ़ाते हैं, उसका मजाक उड़ाते हैं और गंदे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शिवानी ने बताया कि उन्होंने अमायरा की समस्या को लेकर क्लास टीचर से लेकर कोऑर्डिनेटर तक कई बार बात की, लेकिन हर बार बात को टाल दिया गया। किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। किसी को उसे मजबूर करने का अधिकार नहीं है
अमायरा के पिता विजय मीणा ने बताया कि एक पेरेंट-टीचर मीटिंग के दौरान कुछ बच्चों ने अमायरा और एक अन्य लड़के की ओर इशारा किया, जिससे बच्ची शर्मिंदा होकर पिता के पीछे छिप गई। विजय मीणा ने जब यह बात टीचर से कही तो उन्हें जवाब मिला कि यह को-एड स्कूल है, अमायरा को लड़कों से भी बात करना सीखना चाहिए। मैंने टीचर से साफ कहा कि यह मेरी बेटी की अपनी पसंद है कि वह किससे बात करना चाहती है या नहीं, किसी को उसे मजबूर करने का अधिकार नहीं है। गंदे कमेंट्स और तानों का सामना करना पड़ रहा था
अमायरा के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार बुलिंग, गंदे कमेंट्स और तानों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ बच्चों के अशोभनीय इशारों और शब्दों ने उसकी मानसिक स्थिति को बेहद कमजोर कर दिया था। शिवानी ने कहा- स्कूल को कई बार बताया कि मेरी बच्ची डर के कारण स्कूल नहीं जाना चाहती, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं सुना। अगर समय रहते स्कूल ने कदम उठाया होता, तो शायद आज मेरी बेटी जिंदा होती। स्कूल बिल्डिंग से छात्रा के कूदने की यह खबर भी पढ़िए… शिक्षामंत्री ने कहा- परिणाम भुगतेंगे जांच बाधित करने वाले:नीरजा मोदी स्कूल में छात्रा की मौत पर दिखाई सख्ती, बोले- एनओसी-मान्यता की चल रही जांच नीरजा मोदी स्कूल में 4th फ्लोर से कूदी छात्रा,मौत, VIDEO:पसलियां टूटी; स्कूल प्रबंधन ने सबूत मिटाए, पिता ने FIR दर्ज कराई जयपुर के DEO बोले-नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द होगी:बच्ची की मौत; शिक्षामंत्री की टीम दरवाजा पीटती रही, न प्रिंसिपल मिली, न कोई अधिकारी
