राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा रविवार और सोमवार (5 व 6 अप्रैल) को चूरू जिले के 30 केंद्रों पर होगी। इनमें चूरू में 21 और रतनगढ़ में 9 केंद्र बनाए गए हैं। 5 अप्रैल को 8920 और 6 अप्रैल को 8919 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देश पर शनिवार को सभी उप समन्वयकों ने अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। संबंधित केंद्राधीक्षकों से परीक्षा व्यवस्थाओं के संतोषजनक होने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया। चश्मों की भी गहनता से जांच परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। उन्हें नीले पेन, प्रवेश पत्र, मूल फोटो युक्त पहचान पत्र और रंगीन फोटो के साथ आधे आस्तीन की शर्ट या पतलून पहनकर आना होगा। महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ता या साड़ी पहन सकती हैं। किसी भी प्रकार के आभूषण (पतली कांच या लाख की चूड़ियों को छोड़कर) और मेटल से जुड़ी सामग्री अनुमत नहीं होगी। चश्मों की भी गहनता से जांच की जाएगी। पुलिसकर्मियों को भी मोबाइल फोन रखने की इजाजत नहीं परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश द्वार पर हैंडहेल्ड मशीन से जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी मोबाइल फोन रखने की इजाजत नहीं होगी। एक घंटे पहले मिलेगा प्रवेश
परीक्षार्थियों को परीक्षा आरम्भ होने से एक घंटा पहले केन्द्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद वीडियोग्राफी करवाते हुए प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को दोनों परियों के लिए अलग-अलग प्रवेश पत्र के प्रिंट निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण अधिकारी भी बिना मोबाइल परीक्षा केंद्र में करेंगे प्रवेश
परीक्षा के आयोजन के दौरान परीक्षा की व्यवस्था, निरीक्षण व प्रश्नपत्र वितरण से जुड़े समस्त अधिकारी भी परिचय पत्र के साथ मोबाइल अपने वाहन में ही रखकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे। केंद्राधीक्षक को ही की-पेड मोबाइल अनुमति होगा।

बंद रहेंगे साइबर कैफे व ई मित्र
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के नजदीकी साईबर कैफे व ई- मित्र को बंद रखवाने की व्यवस्था की गयी है। परीक्षा के लिए विशेष पुलिस बल की व्यवस्था की गई हैं।