चूरू में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ सामाजिक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को ऑल युवा मुस्लिम सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने एसपी निश्चयप्रसाद एम को ज्ञापन सौंपा। इसमें हेरोइन, चिट्टा, चरस, गांजा, अफीम और एमडी जैसे नशीले पदार्थों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की गई। संस्थान के जिलाध्यक्ष संजय खान घांघू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले 4-5 वर्षों से हेरोइन या चिट्टा नामक नशीला केमिकल 15 से 20 वर्ष के युवाओं में तेजी से फैल रहा है। शहर के कई इलाकों में इसकी खुलेआम बिक्री हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में युवा इसकी चपेट में आ चुके हैं। ‘सामाजिक माहौल भी बिगड़ रहा’
ज्ञापन में चिंता व्यक्त की गई कि नशे की लत में फंसे कई युवक पैसे के लालच में तस्करी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। नशे के आदी युवा चोरी, घरवालों से मारपीट और आए दिन झगड़े-फसाद जैसी घटनाओं में लिप्त हो रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल भी बिगड़ रहा है। संस्थान ने बताया कि वे पिछले छह-सात महीनों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं, लेकिन नशे का बढ़ता जाल समाज को खोखला कर रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने में सहयोग करें। संस्थान ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में स्थिति और भयावह हो सकती है।