बीकानेर में चाइनीज मांझे से गला कटने के कारण 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। मांझे से बच्चे की श्वांस नली तक कट चुकी थी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे देशनोक में ओवरब्रिज पर चढ़ते समय हुई। जानकारी के अनुसार- उदासर गांव निवासी किशनलाल अपने बेटे विराट (8), पत्नी और बेटी को बाइक से बीकानेर ले जा रहा था। विराट बाइक पर आगे बैठा हुआ था। परिवार में शादी होने के कारण सभी लोग खरीदारी के लिए निकले थे। ओवरब्रिज पर चढ़ते समय हुआ हादसा
देशनोक ओवरब्रिज पर चढ़ते समय अचानक चाइनीज मांझा विराट की गले में उलझ गया। मांझे से बच्चे के गले पर गहरा घाव हो गया और वह लहूलुहान हो गया। अचानक बेटे के खून आता देख पिता घबरा गए और उसे देशनोक अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के माता-पिता मजदूरी करते हैं। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉ. विजयंत निर्वाण का कहना है- विराट को अस्पताल लेकर आए, तब तक उसका काफी खून बह चुका था। गले में बहुत ज्यादा गहरा कट लगा था, जिससे ब्लड सप्लाई करने वाली नस कट चुकी थी। चाइनीज मांझे का उपयोग करने वालों की तलाश
देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत ने बताया कि चाइनीज मांझे का उपयोग कौन कर रहा है, इसका पता लगा रहे हैं।