राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की अध्यापक भर्ती-2025 में इस बार ऐसा प्रतिस्पर्धी गणित सामने आया है, जिसने अभ्यर्थियों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आंकड़े बताते हैं कि लेवल-2 में सभी विषयों को मिलाकर एक पद के लिए औसतन 337 अभ्यर्थियों की भिड़ंत होगी। वहीं लेवल-1 में औसतन 44 अभ्यर्थियों का मुकाबला रहेगा। लेकिन विषयवार नजर डालें तो तस्वीर और भी दिलचस्प हो जाती है। हिंदी में शिक्षक बनना सबसे कठिन है। लेवल-2 में हिंदी में एक पद के लिए 998 अभ्यर्थी दावेदारी कर रहे हैं, जो इस भर्ती का सबसे बड़ा मुकाबला है। इसके उलट संस्कृत में एक पद के लिए केवल 73 अभ्यर्थी हैं, यानी इस बार संस्कृत विषय में चयन की राह सबसे आसान मानी जा रही है। संस्कृत के लेवल-1 में 1 पद पर 16 अभ्यर्थी संस्कृत में 1 पद के लिए सिर्फ 16 अभ्यर्थी हैं, जबकि सामान्य शिक्षा में एक पद पर 48 अभ्यर्थी दावेदारी कर रहे हैं। बोर्ड द्वारा जारी भर्ती में कुल 7759 पद हैं, जिनमें लेवल-1 के 5636 और लेवल-2 के 2123 पद शामिल हैं। दोनों लेवल के लिए कुल 9 लाख से अधिक आवेदन आए हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुट गया है और परीक्षा 17 से 21 जनवरी के बीच प्रस्तावित है। जयपुर सहित 14 जिलों में आयोजित होगी परीक्षा
जयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर और उदयपुर में किया जाएगा। बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों को राहत भी दी है, जो आवेदन करने के बाद अब परीक्षा नहीं देना चाहते। ऐसे अभ्यर्थी 18 से 20 दिसंबर के बीच अपना आवेदन वापस ले सकते हैं, जबकि आवेदन में संशोधन का अवसर 16 दिसंबर तक दिया गया है। “आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दोनों लेवल के लिए 9 लाख से अधिक आवेदन आए हैं। जनवरी में परीक्षाओं का आयोजन होगा। परीक्षा 14 जिलों में होगी। बोर्ड ने परीक्षा की तैयारी प्रारंभ कर दी है।”
-आलोक राज, अध्यक्ष, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड