चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में होम सेक्रेटरी-कम-सेक्रेटरी हेल्थ मंदीप सिंह बराड़ मंगलवार को पहुंचे, जहां उन्होंने इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर का दौरा कर वहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था की गुणवत्ता की समीक्षा की। दौरे के दौरान होम सेक्रेटरी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं और सेवाओं के बारे में सीधा फीडबैक भी लिया। मीटिंग में लिए सुझाव जीएमसीएच-32 के वरिष्ठ अधिकारियों और डॉक्टरों के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल के कामकाज, मौजूदा चुनौतियों और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों से अस्पताल की कार्यक्षमता और सेवा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि फाइलों के निपटारे में तेजी लाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रशासन स्तर पर किसी भी फाइल की पेंडेंसी नहीं है, जिससे फैसले लेने और महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया तेज हो रही है। होम सेक्रेटरी बोले और मजबूत करने की आवश्यकता होम सेक्रेटरी ने कहा कि मरीजों को अच्छा इलाज और बेहतर सुविधाएं देने के लिए अस्पताल में लगातार सुधार करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि जीएमसीएच-32 को एक बेहतर और प्रमुख अस्पताल के रूप में मजबूत बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संसाधनों की जांच और सही तरीके से बंटवारे से अस्पताल की काम करने की क्षमता बढ़ी है और उपलब्ध सुविधाओं और स्टाफ का बेहतर इस्तेमाल हो पा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कामकाज की निगरानी और समस्याओं को जल्दी हल करने के लिए जमीन स्तर पर लगातार ध्यान देने पर जोर दिया। बैठक में अस्पताल के अलग-अलग विभागों के प्रमुखों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। इस दौरान अस्पताल की इमारत, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की जरूरत जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। होम सेक्रेटरी ने भरोसा दिलाया कि इन सभी मुद्दों और सुझावों पर प्रशासन ध्यान देगा और जीएमसीएच-32 में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

You missed