चंडीगढ़-बलटाना सीमा के पास देर रात दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हमला किया। इस वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके शरीर पर करीब 12 टांके लगे हैं। पुलिस इसे लूटपाट के इरादे से किया गया हमला मान रही है। घायल युवक की पहचान बलटाना के ट्रिब्यून रोड निवासी जगसीर सिंह के रूप में हुई है। वह अपने साथी अंकुर के साथ एक निजी बैंक के लिए कर्ज वसूली का काम करता है। रेलवे क्रॉसिंग की ओर लौट रहे थे जगसीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह और अंकुर रात करीब साढ़े आठ बजे मोटरसाइकिल पर चंडीगढ़ से हरमिलाप रेलवे क्रॉसिंग की ओर लौट रहे थे। रास्ते में वे शौच के लिए रुके, तभी अचानक पांच अज्ञात युवकों ने उन पर हमला कर दिया। लाठियों और तेजधार हथियारों से वार हमलावरों ने लाठियों और तेजधार हथियारों से दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे जगसीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की मदद से जगसीर को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह हमला लूटपाट के इरादे से किया गया प्रतीत होता है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।