चंडीगढ़ पोल्ट्री फॉर्म चौक के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के पिछले टायर के नीचे महिला आ गई। सड़क हादसे में 72 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान संतोष कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने पति जवाहर लाल के साथ बाइक पर सवार होकर जीरकपुर के जरनैल एन्क्लेव फेज-1 स्थित अपने घर जा रही थीं। बाइक जवाहर लाल चला रहे थे, जबकि संतोष कुमारी पीछे बैठी थीं। पुलिस ने बस चालक लेख राज को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली जा रही थी बस हिमाचल नंबर की यह बस शनिवार दोपहर के समय नालागढ़ से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस ट्रिब्यून चौक पार कर पोल्ट्री फॉर्म चौक के पास पहुंची, अचानक बाइक बस के साइड से टकरा गई। टक्कर लगते ही जवाहर लाल बाईं ओर गिर गए और उनकी पत्नी दाईं ओर जा गिरीं। इसी दौरान संतोष कुमारी बस के पिछले टायर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जवाहर लाल को मामूली चोटें आईं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस पीसीआर जिप्सी के साथ मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। बस में 38 यात्री थे सवार पुलिस ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान बस में कुल 38 यात्री सवार थे। जैसे ही बस में सवार लोगों को हादसे का पता चला, कई तो रोने लगे और उठकर नीचे उतर आए। इसके बाद वहां पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और जाम खुलवाया।