चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा इलाके में एक चार मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले परिवार के घर में चोरी हो गई। घटना उस समय हुई जब परिवार घर से बाहर था। घर के अंदर से सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए गए। पूरी वारदात पास के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। मामले की सूचना पुलिस स्टेशन मलोया को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। पीड़ित सचिन ने बताया कि उनके घर में छोटी बच्ची का जन्मदिन था, जिसके चलते उन्होंने बाहर कार्यक्रम रखा हुआ था। गुरूवार रात करीब 8:30 बजे वह घर से निकले थे। उन्होंने घर के दोनों गेट बंद कर कुंडी लगा दी थी। करीब नौ बजे जब वह वापस लौटे और घर के अंदर गए, तो देखा कि अलमारी के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी सोने-चांदी की ज्वेलरी गायब है। चोरी हुए सामान में दो सोने की अंगूठियां, दो कड़े, तीन जोड़ी चांदी की पायल और अन्य चांदी के आभूषण शामिल हैं। घर से भागता नजर आया आरोपी
सचिन ने बताया कि इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में एक युवक उनके घर से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने सिर पर टोपी पहन रखी थी और पैंट-शर्ट पहनी हुई थी। पीड़ित के अनुसार आरोपी अकेला नहीं था, बल्कि उसके साथ एक और व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। पीड़ित का कहना है कि जिस तरीके से चोरी की गई है, उससे लगता है कि आरोपियों को घर के अंदर रखे गहनों की जानकारी थी। ऐसे में शक है कि आरोपी आसपास का ही कोई व्यक्ति हो सकता है। पुलिस के हाथ खाली
पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने पुलिस स्टेशन मलोया में मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
