दिवाली पर चंडीगढ़ में पटाखे बेचने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। चंडीगढ़ प्रशासन ने अस्थायी ग्रीन पटाखा लाइसेंस के लिए आवेदन की तारीख बढ़ा दी है। अब इच्छुक लोग 7 सितंबर सुबह 9 बजे से 12 सितंबर शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन के मुताबिक लाइसेंस मिलने के बाद सिर्फ CSIR-NEERI से प्रमाणित ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकेंगे।लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों का ड्रॉ 14 सितंबर को शाम 4 बजे बाल भवन, सेक्टर-23 में होगा। आवेदन के लिए प्रति साइट ₹500 फीस देनी होगी, जो वापस नहीं होगी। आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान आवेदकों को चंडीगढ़ प्रशासन के सेवा पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। लाइसेंस से जुड़े नियम, शर्तें और पूरी प्रक्रिया भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है। प्रशासन ने आवेदकों से आवेदन करने से पहले दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने और सभी जरूरी जानकारी पूरी तरह भरने की अपील की है। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जनहित को देखते हुए वह किसी भी समय तय शेड्यूल या प्रक्रिया में बदलाव कर सकता है। जरूरत पड़ने पर ड्रॉ रद्द भी किया जा सकता है। पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन पटाखे ही बिकेंगे इस बार लाइसेंस मिलने के बाद सामान्य पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं होगी। केवल CSIR-NEERI द्वारा प्रमाणित पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से लाइसेंस और पटाखों से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए केवल अपने आधिकारिक पोर्टल पर भरोसा करने को कहा है।