चंडीगढ़ नगर निगम लोगों की समस्याएं जल्दी सुलझाने और जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए नई पहल कर रहा है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी आज नगर निगम में जनता दरबार लगाएंगे। यह जनता दरबार सेक्टर-17 स्थित नगर निगम भवन की पांचवीं मंजिल पर मेयर कार्यालय में सुबह 11 बजे होगा। सौरभ जोशी शहर के पहले मेयर होंगे, जिन्होंने जनता दरबार की शुरुआत की है। हालांकि, इससे पहले चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा भी जनता दरबार लगाया जा रहा है। जनता दरबार के दौरान शहरवासी अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे मेयर और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। शिकायतों को मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारी नोट करेंगे, ताकि उनका जल्द समाधान किया जा सके। मकसद निगम से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता लाना मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य नगर निगम से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता लाना और नागरिकों की समस्याओं को बिना किसी देरी के हल करना है। ‘सिटी ब्यूटीफुल’ के निवासी सफाई, सड़क, पानी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग सहित नगर निगम से संबंधित किसी भी मुद्दे को सीधे रख सकेंगे। जनता दरबार में नगर निगम आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इससे शिकायतों की तुरंत समीक्षा होगी और कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेकर समाधान की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। मेयर के अनुसार इससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम होगी और सेवा व्यवस्था में सुधार आएगा। मेयर ने कहा कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतों पर जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर जांच भी की जाएगी, ताकि समस्याएं सिर्फ कागजों में न रहें और उनका समाधान सही तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि अगर जनता दरबार में चंडीगढ़ प्रशासन या किसी दूसरे विभाग से जुड़ी शिकायतें आती हैं, तो उन्हें भी दर्ज किया जाएगा और आपसी तालमेल से उनका समाधान कराया जाएगा। मेयर ने बताया कि पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे जनता दरबार नियमित रूप से लगाए जाएंगे।
जोशी चंडीगढ़ के 29वें मेयर बने चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत हुई है। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पदों पर अब BJP का कब्जा हो गया है। नए मेयर सौरभ जोशी बने हैं। सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा चुने गए। मेयर चुनाव में भाजपा को 18 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार को सात और आप उम्मीदवार को 11 वोट मिले। सौरभ जोशी चंडीगढ़ के 29वें मेयर बने हैं। 2021 में चुने गए पार्षदों ने इस बार आखिरी बार मेयर चुना है। इसके बाद नए सिरे से पार्षद चुने जाएंगे। इस बार चुनाव सिक्रेट बैलेट वोटिंग की जगह पार्षदों के हाथ खड़े कर हुआ। पहली बार तीनों पार्टियां मेयर का चुनाव लड़ रही थीं। पिछले 2 चुनाव में AAP और कांग्रेस का गठबंधन था।