चंडीगढ़ में एक डिलीवरी बॉय को नशा इस कदर चढ़ा कि वह एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पा रहा था। सड़क में वह झूल रहा था, मानो कोई जॉम्बी खड़ा हो। उसकी आंखें भी बंद थीं। उसके मुंह में बीड़ी नजर आ रही थी, लेकिन वह लाइटर तक नहीं जला पा रहा था। लोग बताते हैं कि करीब आधे घंटे तक बीड़ी उसके मुंह में ही फंसी रही। जैसे ही लोगों ने उसे इस हालत में देखा, तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। जब उसका मेडिकल करवाया गया, तो उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। वहीं, कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि चंडीगढ़ में यूथ किस दिशा में जा रहा है। 23 सेकेंड का वीडियो वायरल सेक्टर-33 के रिहायशी इलाके में एक डिलीवरी बॉय, जो कि ब्लिंकिट का बैग लेकर सड़क पर खड़ा था, काफी समय तक असामान्य हालत में दिखाई दे रहा था। राहगीरों और आसपास के लोगों ने देखा कि युवक ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और लड़खड़ाता हुआ नजर आ रहा था। उसकी हालत देखकर लोगों को शक हुआ कि वह नशे में है। इसका 23 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ है। लोगों ने कॉल की तो आई पुलिस इसके बाद इलाके के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस उसे गाड़ी में थाने ले गई, जहां उसका मेडिकल करवाया गया। पुलिस स्टेशन-34 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर ने बताया कि सेक्टर-33 से कॉल मिली थी कि एक डिलीवरी बॉय नशे की हालत में काफी देर से खड़ा है और चलने में असमर्थ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया और मेडिकल कराया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इलाके में चर्चा का विषय बना मामला घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने कहा कि इस तरह ड्यूटी के दौरान नशे में होना न केवल खुद के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी खतरा बन सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।