बारां जिले में एक युवक पर शनिवार रात करीब 1-2 बजे बदमाशों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि कुल्हाड़ी के आगे का हिस्सा युवक के सिर में ही धंस गया। यह वारदात बारां जिले के भंवरगढ़ गांव में शनिवार रात को हुई। घर में सो रहे हमले में घायल रामजीलाल (30) को गंभीर हालत में पहले भंवरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद बारां जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां भी डॉक्टर कुल्हाड़ी नहीं निकाल सके। इसके बाद रामजीलाल को परिजन कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार सुबह 5 बजे लाए। डॉ. रिजवीस ने बताया- परिजनों के अनुसार देर रात सोते समय किसी अज्ञात बदमाश ने रामजीलाल के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में कुल्हाड़ी सिर के अंदर गहराई तक धंस गई है। इससे ब्रेन को गंभीर क्षति हुई है। जल्द ऑपरेशन कर कुल्हाड़ी निकालने का प्रयास करेंगे। पत्नी ने कहा- हमला कर भागा बदमाश, पति के चिल्लाने से उठे घायल की पत्नी ममता ने बताया- घटना रात करीब 1 से 2 बजे हुई है। उस समय मैं, पति रामजीलाल और मेरी बेटी घर में सो रहे थे। तभी एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और पति रामजीलाल के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर फरार हो गया। हमले के बाद पति के चिल्लाने पर परिवार उठा और चीख-पुकार मच गई। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। ममता ने कहा- मेरे पति का किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। पति ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आखिर हमला किसने और क्यों किया, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल रामजीलाल का इलाज कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार- सुबह करीब 5 बजे कोटा के अस्पताल पहुंचने के बाद भी सिर में धंसी कुल्हाड़ी को अभी तक नहीं निकाली जा सकी है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम का सर्च अभियान भंवरगढ़ थाना अधिकारी गोपीलाल आर्या ने बताया- देर रात करीब 2:30 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पहले बारां और फिर कोटा रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि रात में ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगा दी गई थीं और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घायल के बयान दर्ज करने के लिए एसआई को कोटा भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल के आसपास घना जंगल होने के कारण तलाशी अभियान जारी है। जल्द ही अज्ञात हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
