झुंझुनूं जिले में पुरानी रंजिश को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान और उसके परिजनों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने घर में घुसकर जवान पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और हॉकी से वार किए। उनके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा और वे बेहोश हो गए। इस दौरान बीच-बचाव करने आई घर की महिलाओं से भी मारपीट की गई। फिलहाल CRPF जवान का बीडीके हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना खेतड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में 31 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे हुई। बुधवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में घर के चौक में CRPF जवान लहूलुहान हालत में बेहोश पड़े दिखाई दे रहे हैं और पास में कुल्हाड़ी नजर आ रही है। CRPF जवान 16 अगस्त को छुट्टी पर आए थे। तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम… जवान ने कहा- आरोपी एकजुट होकर घर में घुसे हॉस्पिटल में भर्ती जवान ने बताया- आरोपी एकजुट होकर साजिश के तहत मेरे घर में घुस आए और हमला कर दिया। आरोपियों ने मेरे सिर पर कुल्हाड़ी, हॉकी और लोहे के पाइप से वार किया। मेरे सिर से खून बहने लगा और मैं बेहोश हो गया। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आई महिलाओं से भी मारपीट की। जानकारी मिलने पर पर मौके पर पहुंचे रिश्तेदार और ग्रामीणों ने मुझे हॉस्पिटल पहुंचाया। कुल्हाड़ी के हमले के कारण सिर में करीब 7 टांके लगे हैं और बाएं हाथ में फ्रैक्चर है। बोले- देश सेवा करूं या बच्चों को संभालू? CRPF जवान ने बताया- आरोपी पक्ष पहले भी मेरे माता-पिता और भाभी पर हमला कर चुका है। 29 अगस्त को भी आरोपियों ने मारपीट की थी। इसके बाद बातचीत से मामला शांत हो गया था। CRPF जवान ने बताया- मैं देश सेवा करूं या बच्चों को संभालू? गांव और घर में परिवार सुरक्षित नहीं होने के कारण मैं मानसिक तनाव में रहता हूं। मेरे माता-पिता और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र न्याय करने की मांग है। भतीजी बोली- आरोपियों ने गलत हरकत की थी घायल जवान की नाबालिग भतीजी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बतायाः 31 अगस्त को मैं घर के बाहर खड़ी थी, तब आरोपी पक्ष के लोगों ने मेरे साथ अश्लील हरकत की। मैंने शोर मचाया तो चाचा बाहर आए। इसके बाद आरोपियों ने हमारे घर में घुसकर चाचा सहित अन्य परिजनों पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप से हमला कर दिया। खेतड़ी थानाधिकारी बुद्धिप्रकाश ने बताया- दोनों पक्षों से मारपीट को लेकर क्रॉस मुकदमे दर्ज हुए हैं, जिनकी जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
