टोंक में 2 साल की मासूम खेलते हुए घर के बाहर ही खुले नाले में गिर गई। परिजनों ने उसे तुरंत बाहर निकाला और अस्पताल लेकर भागे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन पिछले 16 घंटे से शव लेकर घर के बाहर बैठ गए। परिजनों का आरोप है कि ये नाला बंद करने के लिए कई बार कहा लेकिन, प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली। हादसा टोडारायसिंह पंचायत समिति क्षेत्र के हमीरपुर में रविवार शाम करीब 5.45 बजे का है। प्रशासन की ओर से टोंक तहसीलदार और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और समझाइश की। 4 मांगों के बाद परिजनों ने धरना उठा लिया। अब देखिए मौके की तस्वीर… घर के बाहर ही नाले में गिरी हमीरपुर निवासी अरबाज खान ने बताया- मेरी इकलौती बेटी अनाबिया (2) रविवार शाम करीब 5.45 बजे मकान के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह घर के पास से गुजर रहे करीब 5 फीट गहरे खुले नाले में गिर गई। नाले में गिरने के बाद उसे तुरंत बाहर निकाला गया और पीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरबाज ने बताया- जिस खुले नाले में बच्ची गिरी, उसे बंद करने की मांग पहले भी पंचायत प्रशासन से कई बार शिकायत की गई थी। इस मामले में नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को भी पहले जानकारी दी गई थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। शव दफनाने से इनकार मोहल्ले के लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे की जानकारी रविवार शाम को ही पंचायत प्रशासन और तहसील प्रशासन को दे दी गई थी। इसके बावजूद सोमवार सुबह 10 बजे तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते नाले की उचित सुरक्षा व्यवस्था कर दी जाती तो संभवतः हादसा टाला जा सकता था।
