उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के पाटिया गांव में शनिवार दोपहर में एक बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक बेकाबू होकर बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया और टेंट का सारा सामान सड़क पर बिखर गया। हादसा करीब 4. 30 बजे हुआ। हादसे में ट्रैक्टर चालक जालम राम गमेती ट्रैक्टर के नीचे दबने से बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे उदयपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। हादसे के प्रतयाक्षदर्शी दरियाव सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर के पलटते ही ड्राइवर जालम राम गमेती उसके नीचे दब गया। जालम राम बड़ुंदिया रेबाड़ियों का खेड़ा का रहने वाला है। एक्सीडेंट होते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। मौके पर चीख-पुकार मची हुई थी, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी। काफी कोशिशों के बाद भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे फंसे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बिजली का तार नहीं टूटा वरना बड़ होता
इस एक्सीडेंट में सबसे राहत की बात यह रही कि बिजली के खंभे से टकराने के बावजूद करंट का कोई खतरा पैदा नहीं हुआ। गनीमत रही कि बिजली का तार टूटकर ट्रैक्टर पर नहीं गिरा, वरना मौके पर बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। जिस समय हादसा हुआ, उस समय बिजली सप्लाई चालू थी या नहीं, इसकी भी जानकारी ली जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और बिखरे हुए टेंट के सामान को साइड में करवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और ड्राइवर का नियंत्रण खोना लग रही है। घायल जालम राम को ग्रामीणों ने तुरंत निजी वाहन से गोगुंदा के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज तो किया, लेकिन जालम राम की चोटें गहरी और स्थिति गंभीर थी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी चोटों के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इनपुट – गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।
