गानों के जरिए गैंगस्टर और माफियाओं को प्रमोट करने वाले सिंगर्स से भीलवाड़ा एसपी ने माफी मंगवाई है। ये स्थानीय कलाकार, हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा समेत अन्य गीतकारों के बदमाशी के गानों को राजस्थानी लिरिक्स में गाते थे। एसपी ने ऐसे 7 सिंगर्स को चेतावनी दी है और निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया से ऐसे गाने हटाने को कहा है। अब ये 7 सिंगर्स किसी भी प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ गाने नहीं गा सकेंगे। ये सिंगर्स बजरी माफियाओं, गैंगस्टर्स और अपराधियों के महिमामंडन करने वाले गाने भजन संध्याओं और सोशल मीडिया पर डालते थे। जिनके बोल होते थे- गाड़ी में म्हारे संत महात्मा नहीं चंबल के डाकू बैठे हैं, गली में थारे धुवों-धुवों कर दूला। एसपी के इस फैसले के बाद सिंगर्स ने माफी मांगी है और कहा- न तो ऐसा गाना अब प्रमोट करूंगा और न ही लिखूंगा। सिंगर्स ने बदमाशी के गाने न गाने की बात कही। एसपी भीलवाड़ा धर्मेंद्र सिंह ने बताया- सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स से शिकायत मिली थी कि कुछ सिंगर्स गानों के जरिए गैंगस्टर, बदमाशों और माफियाओं को प्रमोट कर रहे हैं। इन गानों में पुलिस को नीचे दिखाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे सिंगर को चिह्नित कर 7 पर कार्रवाई की गई है। 7 सिंगर्स पर निरोधात्मक कार्रवाई एसपी भीलवाड़ा धर्मेंद्र सिंह ने बताया- इसमें आसींद के सिंगर लादू गुर्जर, राजू रावल, सोनू गुर्जर, संधू गुर्जर, बन का खेड़ा के मुकेश, बड़लियास के राजू लाल गाडरी और मांडल जितिया खेड़ी के मदन गुर्जर के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। इनके गानों को सोशल मीडिया ऐसे बैन कर दिया गया है। ये सिंगर्स अब सार्वजनिक जगहों पर भी गाने गाते पाए गए तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। युवा पीढ़ी को गलत मैसेज जा रहा था एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया- भीलवाड़ा पुलिस समाज में शांति कानून व्यवस्था और सकारात्मक माहौल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। ये सिंगर्स अपने गानों में अपराधियों और सामाजिक तत्वों का महिमामंडन करते हैं। आज की युवा पीढ़ी इन इनके भजन और गानों को सुनती है और उसी को फॉलो करती है। फिलहाल इन सभी सिंगर के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई और इन्हें सख्त हिदायत दी गई है। भविष्य में अगर किसी भी सिंगर या कलाकार ने इस तरह के गीत का सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर कोई प्रसारण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को नीचा दिखाने के लिरिक्स पुलिस के अनुसार, ये सिंगर्स जो पिछले लंबे समय से गैंगस्टर, बजरी माफिया और अन्य आपराधिक तत्वों की शान में गाने गाते थे। इनमें गन, पिस्टल, अवैध हथियार और पुलिस को नीचा दिखाने के और अपराधियों को बढ़ा-चढ़ा कर बताने जैसे लिरिक्स शामिल होते थे। ये गाने थे- यार तेरा बदमाशी का खलनायक है, गाड़ी में म्हारे संत-महात्मा नहीं… चम्बल के डाकू हैं, बदमाशी का सिक्का 2 नंबर काला धंधा, मैं बदमाशी का बादशाह, गली में थारे धुवों-धुवों कर दूला और बजरी माफिया वाला भाई। इन बदमाशों के बखान करने वाले सिंगर्स पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है साथ ही अन्य सिंगर्स को भी चेतावनी दी है। यदि इस तरह से किसी भी सिंगर द्वारा कोई ऐसा कोई गाना गाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
