पंजाब में लॉटरी विजेता अब गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं। लोगों की जब लॉटरी निकलती है तो गैंगस्टर उन्हें कॉल कर धमकाने लगते हैं। उनसे फिरौती मांग रहे हैं। इसी से डरकर फरीदकोट का लॉटरी विजेता परिवार अब डरा हुआ है। वह अपने घर जाने को भी तैयार नहीं है। पंजाब में लॉटरी में 11 करोड़ रुपए जीतकर करोड़पति बने जयपुर के सब्जी वाले को भी लगातार धमकियां मिल रही है। गैंगस्टर उनसे कॉल कर फिरौती मांग रहे हैं। इससे डरकर वह कहीं बाहर भी नहीं जा रहे। परिवार संग घर में रह रहे हैं। चंडीगढ़ लॉटरी ऑफिस में आने में भी उन्हें डर लग रहा है। उधर, फरीदकोट की लॉटरी विजेता नसीब कौर ने बताया कि उनकी 1.5 करोड़ रुपए की लॉटरी निकली है। चंडीगढ़ ऑफिस आने पर पता चला कि पहले लॉटरी जीतने वालों को धमकी मिली है। उन्होंने कहा कि हमें डर लग रहा है। अब जमींदार के घर पर ही रहेंगे। पढ़िए नसीब कौर ने गैंगस्टरों के बारे में क्या बताया… जयपुर के परिवार की निकली थी 11 करोड़ की लॉटरी
जयपुर के रहने वाले अमित कुमार की करीब एक महीने पहले 11 करोड़ रुपए की लॉटरी निकली थी। अमित जयपुर में सब्जी की रेहड़ी लगाते हैं। एक माह पहले वह चंडीगढ़ स्थित पंजाब स्टेट लॉटरीज ऑफिस में लॉटरी क्लेम करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वह वह पंजाब घूमने आए थे और लॉटरी की टिकट बठिंडा रेलवे स्टेशन के पास से अपने दोस्त से पैसे लेकर खरीदी थी। वह सोशल मीडिया पर सब्जी वाला करोड़पति के नाम से वायरल हुए थे। पंजाब स्टेट लॉटरीज ऑफिस के एक कर्मचारी ने बताया कि अमित ने उन्हें बताया था कि उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। गैंगस्टर उनसे फिरौती मांग रहे हैं। हांलाकि उन्होंने डर के मारे यह नहीं बताया कि कॉल किसने की है। अब वह चंडीगढ़ आने से भी डर रहे हैं।
