श्रीगंगानगर में नाबालिग लड़की से हुए गैंगरेप के विरोध में मंगलवार शाम को NSUI ने मशाल जुलूस निकाला। रमेश चौक से शुरू हुए जुलूस ने पूरे शहर में रोष की लहर पैदा कर दी। युवा मशालें लेकर सड़कों पर उतरे और पीड़िता को न्याय दिलाने तथा आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की। युवा हाथों में मशालें लेकर नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। भारत माता चौक तक पहुंचा जुलूस मशाल जुलूस रमेश चौक से रवाना होकर सुखाडिया सर्किल होते हुए भारत माता चौक पहुंचा। इस दौरान युवाओं ने हाथों में मशाल थामे हुए पीड़िता के पक्ष में एकजुटता दिखाई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अगर पुलिस-प्रशासन जल्दी एक्शन नहीं लेगा तो पूरे शहर को बंद कर दिया जाएगा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ईशानवीर मान ने कहा- शहर के कई होटलों में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी महाराजा गंगा सिंह की पावन धरा पर कलंक है। एनएसयूआई लगातार इस मामले में आरोपियों को फांसी के फंदे तक पहुंचाने के लिए विरोध-प्रदर्शन कर रही है। हम पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हैं कि अगर आने वाले दिनों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई शहर बंद कराने को मजबूर हो जाएगी। जब तक नाबालिग को न्याय नहीं मिल जाता, हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। लड़कियां सुरक्षित नहीं एडवोकेट निकिता संधू ने कहा- आज देश में लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। घर से निकलने के लिए सौ बार सोचना पड़ता है। श्रीगंगानगर में जिन दरिंदों ने मासूम नाबालिग के साथ यह निंदनीय घटना की, उन्हें जल्द से जल्द फांसी दी जानी चाहिए। न सिर्फ आरोपियों पर, बल्कि श्रीगंगानगर के उन सभी होटलों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जहां ऐसी गतिविधियां चलती हैं। आरोपियों के घरों और होटलों पर बुलडोजर चलना चाहिए। इस दौरान निकिता संधू, पुष्पा, अनिशा, वरजिंद्र सिंह, दीपांशु वर्मा, गौतम छाबड़ा, दर्श नारंग, सरीफ खान, अक्षय चलाना, जतिन इंदौरा, संजय गिरी, प्रेम गधीव और महेंद्र गुरुद्वारा सहित अनेक युवा मौजूद रहे।
