भास्कर न्यूज | जालंधर गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह गढ़ा की ओर से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव को समर्पित नगर कीर्तन सजाया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों के नेतृत्व में नगर कीर्तन की शुरुआत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चरणों में अरदास कर की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप फूलों से सजी हुई पालकी में सुशोभित किए गए। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर अर्बन स्टेट फेस-1, गोल्डन एवेन्यू, नई बारादरी, जसवंत नगर, फगवाड़ी मोहल्ला और क्षेत्र की परिक्रमा करते हुए गुरुघर पहुंचकर संपन्न हुआ। बाबा बचित्तर सिंह गतका अखाड़े के सिंहों ने गतके के जौहर दिखाकर नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। हाथी घोड़े और ऊंट पर सवार निहंग सिंह की फौज वातावरण में अलग ही छटा बिखेर रहे थे। स्त्री सत्संग सभा के सदस्यों ने गुरबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। प्रधान भूपेंद्र पाल सिंह खालसा ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर 25 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता की जाएगी और 27 दिसंबर को भोग डाले जाएंगे। इसके बाद गुरमत समागम होंगे। यहां पार्षद एचपी सिंह, रणजीत सिंह, बीबी अमनप्रीत कौर, मंगल सिंह, राजविंदर कौर थियाड़ा, सुरेंद्र सिंह सोढ़ी, दविंदर सिंह फतेह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, पार्षद अनूप कौर, डॉ. लवप्रीत कौर मौजूद रहे।