गुरुग्राम में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक सरपंच को गिरफ्तार किया है। बादशाहपुर थाना पुलिस को एसपीआर रोड पर घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम, उच्च अधिकारियों और क्राइम यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से एक लोहे का पोल, जिस पर गोली का निशान था, और एक गोली का खोखा बरामद किया गया। राहुल फाजिलपुरिया ने अपनी शिकायत में बताया कि 14 जुलाई को शाम करीब 5:50 बजे वह अपनी थार गाड़ी से फाजिलपुर गांव से एसपीआर रोड की ओर जा रहे थे। तभी एक सफेद टाटा पंच कार में सवार कुछ लोगों ने उन पर गोली चलाई। गोली पास के एक पोल पर लगी और हमलावर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अमेरिका भाग गया था मुख्य आरोपी इस मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सरधानिया (39) को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। सुनील सोनीपत के सरधाना का निवासी है। पूछताछ में पता चला कि वह फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर दुबई होते हुए मध्य अमेरिका भाग गया था। वहीं से वह अपने साथियों के संपर्क में रहकर गुरुग्राम में राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग, रोहित शौकीन की हत्या और प्रॉपर्टी डीलर पर हमले जैसी वारदातों की साजिश रच रहा था। आरोपी पर 24 केस दर्ज आरोपी सुनील पर हरियाणा के विभिन्न जिलों और उत्तर प्रदेश के बागपत व आगरा में हत्या, लूट, डकैती जैसे 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी दो मामलों में आजीवन कारावास और 10 साल की सजा काट चुका है। पुलिस ने इसी मामले में बिक्रमजीत सिंह को बठिंडा से गिरफ्तार किया है। बिक्रमजीत पंजाब के फिरोजपुर जिले के कटोरा गांव का सरपंच है। आरोप है कि उसने अपने साथी गगनदीप को वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराए थे। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पैट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल, रामनिवास उर्फ कालू, सुनील सरधानिया, प्रदीप, गगनदीप उर्फ जज और बिक्रमजीत सिंह शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी और हथियार बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।