गुरदासपुर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 11 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, एक पिस्तौल और नकदी बरामद की गई है। यह कार्रवाई 15 नवंबर 2025 को खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। बीएसएफ गुरदासपुर की इंटेलिजेंस शाखा को डीबीएन रोड के डेप्थ एरिया में संदिग्ध गतिविधियों की विश्वसनीय जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर इंटेलिजेंस स्टाफ ने पाखोके महीमारा गांव के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अमृतसर के छेहरटा निवासी के रूप में हुई। पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 4,210 रुपए नकद मिले। आरोपी संदिग्ध स्थान की जानकारी दी आगे की पूछताछ में संदिग्ध ने एक स्थान की जानकारी दी, जिसके बाद बीएसएफ जवानों ने तलाशी अभियान चलाया। इस तलाशी अभियान के दौरान एक मोटरसाइकिल और हेरोइन के चार बड़े पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों का कुल वजन (पैकिंग सहित) 11.08 किलोग्राम पाया गया। बरामद हेरोइन के पैकेटों को पीले चिपकने वाले टेप से लपेटा गया था, जिन पर चमकीली स्ट्रिप्स लगी थीं। इन्हें नायलॉन की रस्सी और हुक से बांधा गया था। बड़े पैकेटों को खोलने पर उनके अंदर से 20 छोटे पैकेट मिले, जिन्हें कपड़े और प्लास्टिक की कई परतों में छिपाया गया था। बरामद की गई सभी सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना डीबीएन को सौंप दिया गया है।