गुरदासपुर के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चल रही राज्यव्यापी हड़ताल के बीच मानवता और धार्मिक आस्था की एक बेमिसाल मिसाल पेश की है। आज शाम से शुरू होने जा रही भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा को देखते हुए सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को दरकिनार कर पूरे शहर और विशेषकर रथ यात्रा मार्ग की सफाई का जिम्मा उठाया। कर्मचारियों ने कल देर रात से ही मोर्चा संभालते हुए यात्रा मार्ग से कूड़े-कचरे के ढेरों को पूरी तरह साफ कर दिया।उल्लेखनीय है कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पूरे पंजाब में सफाई कर्मचारी कई दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जिससे कई शहरों में गंदगी के ढेर लग गए हैं। इसके बावजूद, गुरदासपुर के सफाई सेवकों ने यह सुनिश्चित करने का फैसला किया कि भगवान जगन्नाथ जी के दर्शनों के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को असुविधा या गंदगी का सामना न करना पड़े। कर्मचारियों ने जेसीबी (JCB) मशीनों और ट्रॉलियों की मदद से रात ही रात में पूरे मार्ग का कायाकल्प कर दिया। जनता के समर्थन और नगर परिषद अध्यक्ष की अपील पर लिया फैसला सफाई कर्मचारी यूनियन के जनरल सेक्रेटरी सोनू सभरवाल ने इस पहल पर रोशनी डालते हुए बताया कि गुरदासपुर के निवासियों ने हर मुश्किल समय में उनका और उनकी मांगों का पूरा समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की पुरजोर मांग और नगर परिषद के अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा के साथ हुई सकारात्मक बातचीत व उनके विशेष निर्देशों के बाद यूनियन ने सर्वसम्मति से हड़ताल के बावजूद इस पावन कार्य के लिए काम पर लौटने का बड़ा फैसला लिया। नगर परिषद अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा ने जताया आभार नगर परिषद अध्यक्ष बलजीत सिंह पाहड़ा ने बताया कि रथ यात्रा के पावन अवसर को देखते हुए शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उनसे शहर को साफ-सुथरा बनाने की अपील की थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने हड़ताल पर चल रहे परिषद के सफाई कर्मचारियों और यूनियन नेताओं के साथ बैठक की। पाहड़ा ने कर्मचारियों के समक्ष शहर की साख और धार्मिक भावनाओं का हवाला दिया, जिसे स्वीकार करते हुए कर्मचारी तुरंत काम पर लौटने को राजी हो गए। स्थानीय निवासियों ने की सराहना, सरकार से मांगें मानने की अपील सफाई कर्मचारियों के इस फैसले की शहर भर में चौतरफा प्रशंसा हो रही है। स्थानीय निवासी गुरजिंदर सिंह प्रिंस ने सफाई कर्मचारियों के इस कदम को सराहते हुए कहा कि कर्मचारियों ने हड़ताल पर होने के बावजूद जनहित और आस्था को सर्वोपरि रखकर आपसी एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक बेहतरीन संदेश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार से भी पुरजोर अपील की कि वह सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा करे, ताकि शहरों की सफाई व्यवस्था स्थाई रूप से सुचारू रूप से चल सके।
