प्रोजेक्ट ज्ञानदीप के तहत महिंद्रा एंड महिंद्रा और स्वराज ग्रुप के एनजीओ ने गुरदासपुर जिले में बाढ़ से प्रभावित दो सरकारी प्राथमिक विद्यालयों की इमारतों का पुनर्निर्माण कर उन्हें शिक्षा विभाग को सौंप दिया है। पिछले साल डेरा बाबा नानक के सीमावर्ती इलाके में आई बाढ़ के कारण सरकारी स्कूलों की इमारतों को भारी नुकसान हुआ था, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही थी। इस स्थिति को देखते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा और स्वराज संस्था ने पंजाब के शिक्षा विभाग के साथ मिलकर पूरे पंजाब में स्कूलों को गोद लिया था। इसी पहल के तहत, गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक ब्लॉक में स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल सिंहपुरा और सरकारी प्राइमरी स्कूल मंसूरके की इमारतों को फिर से तैयार किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री) श्रीमती परमजीत ने बताया कि पिछले साल की बाढ़ से स्कूलों को काफी नुकसान हुआ था। ऐसे समय में महिंद्रा एंड महिंद्रा और स्वराज ग्रुप के एनजीओ ने इन स्कूलों को गोद लिया। प्रोजेक्ट ज्ञानदीप के तहत, इन स्कूलों में नए स्मार्ट क्लासरूम, डेस्क, आधुनिक और स्वच्छ बाथरूम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर विभाग को सौंप दी गई हैं। अधिकारियों ने नवनिर्मित इमारतों का उद्घाटन किया इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने नवनिर्मित इमारतों का उद्घाटन किया। परमजीत ने इस कार्य के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा और स्वराज कंपनी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को किट भी वितरित की गईं। ये रहे मौजूद इस मौके पर जे.ई. परमिंदर सिंह, स्मार्ट स्कूल कोऑर्डिनेटर सुलखन सिंह सैनी, डिस्ट्रिक्ट मीडिया इंचार्ज गगनदीप सिंह, कुलविंदर कौर, टीचर्स मंदीप कौर, हरसिमरन कौर, कुलविंदर कौर और राजनदीप कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
