कोटा में बजरंग दल ने मृत गायों को खुले में काटने और उनके मांस की अवैध बिक्री का आरोप लगाया है। बजरंग दल ने नगर निगम के मुर्दा मवेशी ठेकेदार और कुछ अधिकारियों पर यह गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। संगठन का आरोप है कि शहर के बंधा धर्मपुरा क्षेत्र सहित कुछ इलाकों में मृत गाय को काटा जा रहा है। वहीं गायों के शवों को बड़ी कढ़ाइयों में पकाया जा रहा है। इस संबंध में कथित तौर पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शहर में आक्रोश का माहौल बन गया है। कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं करने का आरोप
बजरंग दल ने बताया- पहले भी मंगलेश्वरी महादेव मंदिर के पास, गुलाबबाड़ी और रामपुरा क्षेत्र में गायों के शव को वाहन के पीछे बांधकर घसीटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। संगठन का कहना है कि इन मामलों को लेकर कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल नोटिस देकर कार्रवाई को सीमित कर दिया गया। ज्ञापन में ठेकेदार बाबू खान पर नगर निगम के कुछ अधिकारियों को कथित तौर पर कमीशन देने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की गई है। बजरंग दल ने दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई, ठेका निरस्त करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
