राजस्थान में गैस की सप्लाई गड़बड़ाने से कोयले और लकड़ी के साथ इलेक्ट्रिक चूल्हे की डिमांड बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि बीते दो दिन में डिमांड अचानक दोगुनी हो गई है। वहीं, भारत गैस का सर्वर ठप होने से घरेलू गैस की बुकिंग बंद होने की भी शिकायतें हैं। हालांकि, कंपनी की ओर से सर्वर प्रॉब्लम को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। तेल कंपनियों ने ग्रामीण इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग का टाइम 45 दिन का कर दिया है। यानी जिस दिन सिलेंडर डिलीवर होगा, उसके 45 दिन बाद दूसरी बुकिंग की जाएगी। हालांकि शहरी क्षेत्र में अब भी 25 दिन की बुकिंग का प्रावधान है। जयपुर, अलवर, कोटा, भरतपुर, जोधपुर सहित कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइन लगी हुई हैं। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने फूड डिपार्टमेंट के अधिकारी-कर्मचारियों की छुटि्टयां कैंसिल कर दी हैं। वहीं, होटल-रेस्टोरेंट में गैस का स्टॉक खत्म होने से बिजनेस ठप होने लगे हैं। चित्तौड़गढ़ में रेस्टोरेंट बंद कर कर्मचारियों को घर भेज दिया है। सवाई माधोपुर में भी रेस्टोरेंट बंद होने लगे हैं। जैसलमेर के सम में 150 रिसॉर्ट को बंद करने की तैयारी है। जयपुर में चाय की थड़ी, मिठाई की दुकानों और ढाबों पर कॉमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडर का उपयोग करने लगे हैं। गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में कांग्रेस जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन कर रही है। सीकर में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर चूल्हे पर रोटी बनाई। गैस सिलेंडर को माला पहनाकर सांकेतिक श्रद्धांजलि दी। अचानक बढ़ी खपत, इलेक्ट्रिक चूल्हे की सप्लाई आधी कोटा में मेस और हॉस्टल संचालकों को सिलेंडर नहीं मिलने के कारण कोयले, लकड़ी और भट्ठी की मांग बढ़ गई है। कोयला व्यापारी ने बताया- डिमांड 12 टन से बढ़कर 15 टन हो गई है। इधर, जयपुर के व्यापारी सचिन गुप्ता ने बताया कि शहर में 2500 से 3000 तक इंडक्शन चूल्हे की बिक्री होती थी, वो बढ़कर 4500 तक पहुंच गई है। कंपनियों ने सप्लाई कम कर दी है। फिलहाल कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है। छापेमारी में सिलेंडर जब्त, लाइनें लगीं उदयपुर शहर में जिला प्रशासन की टीम ने अवैध रिफिलिंग से भरे जा रहे 6 सिलेंडर जब्त किए। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर से घरेलू सिलेंडर भरे जा रहे थे। वहीं, जयपुर, जोधपुर सहित कई जिलों में गैस सप्लाई बंद होने से कई बड़े रेस्टोरेंट ने मेन्यू आधा कर दिया है। अलवर में भारत गैस का सर्वर ठप होने के कारण भी कस्टमर्स की परेशानी बढ़ गई है। उदयपुर में पिछोला झील किनारे स्थित रेस्टोरेंट पर ब्रेकफास्ट और लंच बंद कर दिया गया है। डिनर टाइम भी शॉर्ट कर दिया है। अब देखिए- राजस्थान में गैस संकट से जुड़ी PHOTOS…
