जयपुर में दीपावली की शॉपिंग करने आए 4 बदमाशों ने दुश्मन समझ गलतफहमी में एक युवक पर फायरिंग की थी। बदमाशों ने युवक के पैर में गोली मारकर लहूलुहान कर दिया था। वहीं लोगों को देखकर चारों बदमाश कार से फरार हो गए थे। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने युवक की हत्या के प्रयास में चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात में यूज की कार जब्त कर ली है। इन आरोपियों को किया गिरफ्तार SHO (खोह नागोरियान) ओम प्रकाश ने बताया- हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी दिलखुश मीणा (23) निवासी करौली, सौरभ मीणा (21) निवासी बामनवास करौली, खुशीराम मीणा (23) निवासी सदर करौली और आशिक मीणा (22) निवासी वजीरपुर करौली को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में यूज कार जब्त की है। पूछताछ कर आरोपियों से हथियार बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव के दुश्मन से मिलता-जुलता दिखा पीड़ित तो मार दी गोली
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकेगांव के रहने वाले अवधेश मीणा से पुरानी दुश्मनी है। अवधेश मीणा से पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को दिवाली के कपड़े लेने जयपुर आए थे। इंदिरा गांधी नगर में शराब पार्टी के दौरान अवधेश जैसा व्यक्ति लाल शर्ट में बैठा दिखाई दिया। गलतफहमी के चलते सौरभ मीणा ने जान से मारने की नीयत से करौली निवासी बृजराज मीना (30) पर तीन-चार फायर किए। गोली मारकर कार में बैठकर फरार हो गए। पीड़ित के पैर में लगी थी गोली
SHO (खोह नागोरियान) ओमप्रकाश ने बताया- करौली के रहने वाले बृजराज मीना (30) के पैर में गोली लगी थी। वह 2 दोस्तों के साथ हफ्तेभर पहले रात करीब 7:45 बजे रिद्धी-सिद्धी एसबीआई के पास सोया चाप खाने आया था। दुकान के बाहर खड़े होने के कारण चार-पांच लड़कों ने उस पर हमला कर दिया। डंडे से मारपीट कर उसे रोड पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने देसी कट्टे से बृजराज मीणा के पैर में गोली मार दी। खून से लथपथ हालत में चिल्लाने पर लोगों को इकट्ठा होते देखकर बदमाश भाग गए। पुलिस ने घायल बृजराज को तुरंत हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट करवाया था। यह खबर भी पढ़ें : जयपुर में युवक के पैरों में गोली मारी:पहले डंडे से पीटा, फिर देसी कट्टे से फायरिंग करके भागे बदमाश, CCTV खंगाल रही पुलिस जयपुर में बदमाशों ने एक युवक के दोनों पैरों की जांघों में दो गोलियां मार दी। कार से आए बदमाशों ने डंडे से युवक को पीटने के बाद गोलियां चलाईं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में नाकाबंदी करवाई, लेकिन कार सवार बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। (पूरी खबर पढ़ें)