राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स(NATF) ने बाड़मेर में बड़ी कार्रवाई की है। 544 किलो डोडा-पोस्त से भरी स्कॉर्पियो को 20 किलोमीटर पीछा कर जोधपुर से पकड़ा। तस्कर के पास से 35 जिंदा कारतूस, मैगजीन और 6 अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद की है। सोमवार की देर रात सूचना पर पुलिस पीछे लगी तो जोधपुर ग्रामीण में उसकी गाड़ी एक खंभे से टकरा गई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आईजी विकास कुमार ने बताया- तस्कर गोकलाराम पुत्र मोराराम निवासी सरली पुलिस थाना सदर बाड़मेर निवासी है। वह पुलिस से बचने के लिए चोरी की गाड़ियों को यूज करता रहा। हर 50 से 60 किलोमीटर की दूरी पर गाड़ी की नंबर प्लेट बदल देता था। पूछताछ में सामने आया कि सप्लायर एक माह पहले ही 10 अक्टूबर को जेल से बाहर आया था। लेकिन खुद पर चढे़ कर्ज और अपनी गर्लफ्रेंड के खर्च को पूरा करने के लिए फिर से तस्करी कर रहा था। गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए शुरू की तस्करी
गोकलाराम ने बताया- छठी कक्षा पास होने के बाद गांव में महंगी गाड़ियों में जाने का शौक लगा। कुछ साल बाद एक गर्लफ्रेंड भी बनी, जिसके खर्चे पूरे करने के लिए 2011 से 2015 तक शराब तस्करी की। इसके लिए हरियाणा से अवैध शराब की ट्रक भरकर गुजरात सप्लाई करता था। इसके बाद शौक पूरे करने के कर्जा हो गया, जिसे उतारने के लिए 2016 में डोडा-पोस्त की सप्लाई शुरू की। दो साल बाद ही 2018 में बाड़मेर में भारी संख्या में अवैध डोडा-पोस्त के साथ सदर पुलिस के हाथों पकड़ा गया। 15 सालों से अवैध तस्करी के दौरान कई बार जेल भी गया। 15 माह जेल मे रहने के बाद जमानत पर बाहर आया। 2023 में निम्बाहेडा में फिर डोडा-पोस्त के मामले वांटेड होकर फरार हो गया। साल 2024 में गिरफ्तारी के बाद 10 अक्टूबर को ही जमानत पर बाहर आया। महीने में 3 बार करनी थी सप्लाई, तीसरी सप्लाई में ही पकड़ा गया
आईजी ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने उसके पैसे खत्म हो गए, वहीं जमानत के दौरान उल्टा कर्ज के तले दब गया। कर्ज चुकाने के लिए महीने में ही 3 बार अवैध डोडा-पोस्त की गाडियां मेवाड़ से मारवाड़ में सप्लाई कर दी। लेकिन 10 नवंबर की देर रात पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से स्कार्पियो गाड़ी में भरा हुआ 544 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। स्कार्पियो गाड़ी की सभी सीटों को खोलकर उसमें कुल 27 कटटों में भरे 544 किलोग्राम डोडा-पोस्त जब्त की है। इसकी सप्लाई मारवाड़ में होनी थी। आरोपी के पास से पिस्तल के 35 जिंदा कारतूस, एक खाली मैग्जीन बरामद की है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए फायर के लिए उपयोग करना बताया है। वहीं गाडी में से महाराष्ट्र, राजस्थान, केरल, गुजरात राज्य की हाई सिक्योरिटी 6 नंबर प्लेट्स मिली है। जिन पर अलग-अलग नंबर लिखे थे।
