सलूंबर में बुधवार को जिला अस्पताल में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन में शून्य प्रगति पर चिंता व्यक्त की गई। BCMO पर कार्रवाई के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि सेमारी और जयसमंद क्षेत्रों में पिछले तीन माह से गर्भवती महिलाओं के रजिस्ट्रेशन में लक्ष्य के अनुरूप कोई प्रगति नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त, डिलीवरी पॉइंट बढ़ाने के लिए जारी किए गए नोटिसों का भी कोई जवाब नहीं मिला। इन अनियमितताओं को देखते हुए, कलेक्टर अवधेश मीना ने सीएमएचओ को दोनों ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (BCMO) के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी बीसीएमओ को 104 एंबुलेंस को शुरू करने की कार्रवाई कर जल्द सूचित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला स्तर के अधिकारी, पीएमओ, बीसीएमओ, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।