खैरथल में गुरुवार तड़के हनुमान पहाड़ी मंदिर के पीछे स्थित एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग इतनी भीषण थी कि दोनों यूनिट में रखी मशीनें, कच्चा माल और तैयार हुआ माल पूरी तरह जलकर खाक हो गए। देर रात सवा 3 बजे लगी आग किसान एग्रो फूड प्रोसेस में सेमिया बनाई जाती थी, जबकि बालाजी फूड एग्रो में बच्चों के लिए कुरकुरे बनाए जाते थे। देर रात करीब 3:10 बजे फैक्ट्री परिसर से धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही फैक्ट्री संचालक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। घटना की जानकारी खैरथल थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह और खैरथल थानाधिकारी रामकिशन यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फैक्ट्री मालिकों से घटना के संबंध में जानकारी ली। खैरथल, हरसौली, औद्योगिक क्षेत्र, किशनगढ़बास और तिजारा से चार दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। फायर इंचार्ज अमित शर्मा के नेतृत्व में फायरमैन ललित शर्मा, जितेंद्र बंसल, दीपक और राहुल ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। शॉर्ट सर्किट की आशंका आग लगने के कारणों का शुरूआति जांच में खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
