खैरथल-तिजारा में जिला सैनी महासभा द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। महासभा अध्यक्ष तेजराम सैनी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जयंती समारोह के सफल आयोजन पर चर्चा हुई। विचार गोष्ठी के साथ होगा सम्मान समारोह श्याम सैनी ने बताया कि इस अवसर पर शोभायात्रा, विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। बैठक में इन आयोजनों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समारोह के लिए विभिन्न आयोजन समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। श्याम सैनी को झांकी प्रभारी, देवकी नंदन सैनी को पंडाल प्रभारी, तथा महादेव सैनी को शोभायात्रा व भोजन प्रभारी नियुक्त किया गया। समाज के लोगों को जोड़ने का काम होगा अध्यक्ष तेजराम सैनी के निर्देशानुसार, समिति में और समाज बंधुओं को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। एडवोकेट मुकेश सैनी, मंगतूराम सैनी, इंदर सिंह दहिया और सुभाष सैनी को मंच कार्यक्रम व प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक कुमार सैनी, रूपचंद सैनी, मातादीन सैनी और नरेश सैनी जिले के सभी समाज बंधुओं से संपर्क करेंगे। अंबेडकर से शुरू होगी शोभायात्रा शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे अंबेडकर सर्किल से प्रारंभ होगी। यह पुरानी अनाज मंडी, लक्ष्मी नारायण मंदिर, रेलवे फाटक, हेमू कलानी चौक और भगत सिंह चौक होते हुए शिवचरण गार्डन पहुंचेगी। शिवचरण गार्डन में प्रातः 11:00 बजे विचार गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। वक्ता महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन और आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। समारोह में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के महिला व पुरुष वृद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, शोभायात्रा में भाग लेने वाले सभी कलाकारों और सहयोगियों को भी सम्मानित किया जाएगा। बैठक में रामफल सैनी, अनिल सैनी, महावीर पत्रकार, बाबूलाल सैनी, नवल सैनी, हिमेश सैनी, सुरेंद्र सैनी सहित कई समाज बंधु उपस्थित रहे।
