राजस्थान में पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित की गई है। इस दौरान राजस्थानी कलाकारों के साथ बॉलीवुड कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। 12 दिन चलने वाले इस आयोजन में देशभर के 7000 प्रतिभागी और 5000 खिलाड़ी राजस्थान के सात शहरों में 24 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी ओपनिंग सेरेमनी में मौजूद रहे। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- देश में 2014 के बाद खेल और खिलाड़ियों के हालात पूरी तरह से बदल गए हैं। पहले जहां खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वही 2014 के बाद जब से देश में मोदी सरकार आई है, उन्हें बेहतर से बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है। राठौड़ ने कहा- खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन राजस्थान में होने जा रहा है। यह राजस्थान के लिए गर्व की बात है। आप सभी खिलाड़ी जो यहां हिस्सा लेने आए हैं, आप सब चैंपियन है। क्योंकि आप करोड़ों लोगों में से सलेक्ट होकर यहां तक पहुंचे हैं। आप लोग इस आयोजन से या तो जीतेंगे या फिर सीखेंगे। जो जीवन में आपके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। केंद्र सरकार खेलों के विकास के लिए काम कर रही
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि भारत ओलंपिक खेलों में दुनिया के टॉप टेन देश में आए। केंद्र सरकार लगातार खेलों के विकास के लिए काम कर रही है। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के माध्यम से हम टैलेंट को आईडेंटिफाई करके उन्हें और बेहतर ट्रेनिंग दे रहे हैं। इसके बाद हर जिला में खेलो इंडिया स्कूल खोली जाएगी। उसके बाद वह खिलाड़ी खेलो इंडिया स्कूल गेम से निकलकर खेलो इंडिया यूथ गेम में आएगा। इसके बाद खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा। इसके बाद जो बेस्ट टैलेंट होगा। उसे स्टेट लेवल में सेंटर आफ एक्सीलेंस से बेहतर ट्रेनिंग दिलवाई जाएगी। फिर उसे नेशनल चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जाएगा। अगर वह बेहतरीन खेलेगा तो उसे दुनियाभर में भारत का प्रतिनिधित्व करने का भी मौका मिलेगा। इस सोच के साथ हम आगे बढ़ रहे है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पहले अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जब मेडल टेबल देखते थे। तब भारत का नाम नहीं देखकर काफी हताश होती थी। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। जब से देश में मोदी सरकार आई है, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही है। जिससे वह दुनियाभर में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत मेडल जीत रहे हैं। शर्मा ने कहा कि बेटियां बेटों से कम नहीं है। आप लोगों में से ही ऐसे खिलाड़ी निकाल कर आएंगे। जो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीत भारत का नाम रोशन करेंगे। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए राजस्थान सरकार भी खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। राजस्थानी कलाकारों के साथ बॉलीवुड कलाकारों ने दी परफॉर्मेंस
राजस्थान में पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन हो रहा है। 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक 12 दिन तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश के सात जिलों में अलग-अलग 24 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिसमें देश के 5000 से ज्यादा खिलाड़ी समेत 7000 प्रतिभागी हिस्सा लेने राजस्थान पहुंचे है। इसी कड़ी में आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया था। जिसमें राजस्थानी कलाकारों के साथ बॉलीवुड कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। हालांकि इस दौरान देर रात मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान खिलाड़ी मैदान छोड़ बाहर निकल गए। जिसकी वजह से बड़ी संख्या में आयोजन स्थल पर कुर्सियां खाली हो गई। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर में देशभर के खिलाड़ी 24 विभिन्न खेलों में भाग लेंगे। इनमें प्रमुख रूप से एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, तैराकी, टेनिस, फुटबॉल, तीरंदाजी, शूटिंग, मल्लखम्भ, साइकिलिंग, रग्बी, जूडो, बीच वॉलीबॉल, केनोइंग और कयाकिंग, कबड्डी, भारोत्तोलन, टेबल टेनिस, योगासन, तलवारबाजी, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग और कुश्ती शामिल हैं। वहीं खो-खो खेल का आयोजन प्रदर्शन मैच के रूप में होगा। राज्य के सात बड़े शहर इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। जयपुर में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, तैराकी, टेनिस, फुटबॉल, तीरंदाजी, शूटिंग, मल्लखम्भ और साइकिलिंग की प्रतियोगिताएं होंगी। अजमेर में 26 से 28 नवंबर तक रग्बी और खो-खो के मुकाबले होंगे। उदयपुर 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक जूडो, बीच वॉलीबॉल और केनोइंग-कयाकिंग की मेजबानी करेगा। बीकानेर में 25 नवंबर से 5 दिसंबर तक कबड्डी और भारोत्तोलन मुकाबले होंगे। जोधपुर में 25 नवंबर से 3 दिसंबर तक योगासन और टेबल टेनिस का आयोजन किया जाएगा। कोटा 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक तलवारबाजी और वॉलीबॉल का केंद्र होगा, जबकि भरतपुर में 25 नवंबर से 5 दिसंबर तक बॉक्सिंग और कुश्ती के मुकाबले होंगे, जहां युवा खिलाड़ी अपनी ताकत दिखाएंगे।