पंजाब के वेरका कैटल फीड प्लांट में एक सरकारी गाड़ी से डीजल चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले को वेरका के पूर्व डायरेक्टर गुरबिंदर सिंह ईसड़ू ने सामान्य चोरी से कहीं अधिक गंभीर बताया और कहा कि यह पूरी तरह से प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। ईसड़ू ने आरोप लगाया कि इसमें अंदरूनी कर्मचारियों या अधिकारियों की मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं मामले पर मिल्कफेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) राहुल गुप्ता ने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की बारीकी से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी। वीडियो में टैंक से डीजल निकालते दिखे युवक वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक गाड़ी ढाबे के बाहर खड़ी है और दो लोग पाइप के जरिए उसके टैंक से डीजल निकाल रहे हैं। यह वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौके पर बनाया और वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी से डीजल निकाला गया, वह खन्ना कैटल फीड प्लांट की है। चोरी के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग वेरका के पूर्व डायरेक्टर गुरबिंदर सिंह ईसड़ू ने कहा कि यह वीडियो दर्शाता है कि इस तरह की चोरी लंबे समय से हो रही है और सरकारी खजाने को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। खन्ना प्लांट में गड़बडिय़ों का यह पहला मामला नहीं है. पहले भी बारदाना घोटाला और बिलों से छेड़छाड़ जैसे मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन उन पर कभी सख्त कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मौजूदा स्टाफ को बदलकर नई और ईमानदार टीम तैनात की जाए। एमडी बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा इस संबंध में मिल्कफेड के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) राहुल गुप्ता ने कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की बारीकी से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी।
