तरनतारन जिले के हलका खडूर साहिब में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली झगड़े के बाद कुछ युवकों ने सुखकीरत सिंह नामक युवक पर किरच (तेजधार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद खून से लथपथ सुखकीरत को पास के एक गंदे नाले में फेंककर फरार हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक महज 15 दिन पहले ही एक बच्चे का पिता बना था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी खडूर साहिब हरिंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों का सुखकीरत सिंह के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान तैश में आए युवकों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, 4 के खिलाफ केस दर्ज गंभीर रूप से घायल सुखकीरत सिंह को राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सब-डिवीजनल अस्पताल खडूर साहिब ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी हरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए चार आरोपियों को नामजद कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन भेज दिया है। मृतक के पिता तेजिंदर सिंह और रोते-बिलखते परिजनों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाते हुए सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।