राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से राजस्थान फोरम के संस्थापक एवं प्रख्यात संस्कृतिविद्, संदीप भुतोड़िया ने कोलकाता के आईटीसी सोनार में शिष्टाचार भेंटे की। इस अवसर पर भुतोड़िया ने बंगाल का पारंपरिक कांथा दुपट्टा ओढ़ाकर उप मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और साथ ही गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की गीतांजलि पुस्तक भेंट स्वरूप प्रदान की । इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री को राजस्थान फोरम की ओर से संचालित सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों के बारे में अवगत कराया और आगामी कार्यक्रमों एवं पहलों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। राजस्थान फोरम द्वारा कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। मुझे विश्वास है कि संस्था भविष्य में भी अपनी सांस्कृतिक पहलों के माध्यम से राजस्थान की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी। उल्लेखनीय है कि भूतोड़िया देशभर में विशेषकर राजस्थान और जयपुर में कला, संस्कृति एवं साहित्य के सक्रिय प्रवर्तक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। भारतीय लोक कला, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति उनका योगदान व्यापक रूप से सराहा जाता रहा है।