कोटा के राजकीय महाविद्यालय में एनएसयूआई और एबीवीपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंची नयापुरा थाना पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया। नयापुरा थानाधिकारी भी बीच-बचाव करते हुए 2 बार गिर पड़े। घटना दोपहर 2 बजे की है। एनएसयूआई ने प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा का लोहे की रॉड से सिर फोड़ने और अन्य छात्र नेता के बाल खीचने का आरोप लगाया है। नयापुरा थानाधिकारी विनोद कुमार ने बताया- गवर्नमेंट कॉलेज में एनएसयूआई और एबीवीपी के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद की मूर्ति खंडित होने के विवाद को लेकर आपस में झगड़ गए थे। मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत ले ली गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखिए, PHOTOS… छात्रों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला NSUI के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा ने कहा- ABVP कार्यकर्ताओं ने छात्र नेता मोहित वाल्मीकि, कावेरी कुमारी, हंसवी समेत कई छात्रों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया। बीच-बचाव के दौरान पुलिसकर्मियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद एनएसयूआई ने नयापुरा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रिद्धम शर्मा ने बताया- कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में पहले भी प्राचार्य को ज्ञापन दिया था। शुक्रवार को वे खून से लिखा पत्र लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे। उनकी मांग थी कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और सात दिन के भीतर नई प्रतिमा स्थापित की जाए। कॉलेज गेट के बाहर पहले से ही कुछ बाहरी युवक मौजूद थे, जिनमें से कई कॉलेज के नियमित छात्र भी नहीं थे। नारेबाजी के बीच अचानक मेरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इस दौरान छात्रा नेता कावेरी कुमारी के बाल खींचे गए और अन्य छात्रों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। बाहरी छात्रों ने की गाली-गलौज, रिद्धम शर्मा खुद कॉलेज के छात्र नहीं एबीवीपी के विभाग संयोजक निखिल सिंह ने बताया- मेरे साथी छात्र शांतिपूर्वक प्रिंसिपल को ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बाहरी छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। इनमें से अधिकांश युवक गवर्नमेंट कॉलेज के छात्र नहीं थे। निखिल सिंह ने कहा- जेडीबी गर्ल्स कॉलेज की जिस छात्रा नेता कावेरी कुमारी के नाम पर शिकायत दी गई है, उनका कॉलेज अलग है। ऐसे में वह हमारे कॉलेज परिसर में क्या करने आई थीं? एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा खुद इस कॉलेज के छात्र नहीं हैं, वे केवल यहां राजनीति चमकाने आते हैं। जबकि एबीवीपी के सभी कार्यकर्ता इसी कॉलेज के नियमित (रेगुलर) छात्र हैं। हमारे किसी भी छात्र ने हमला नहीं किया है। घटना के समय नयापुरा थाना पुलिस मौके पर ही मौजूद थी। एबीवीपी की तरफ से भी नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज करवाकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
