कोटा में गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया। आग एक खेत से दूसरे खेत तक तेजी से फैलती गई। आसपास के 10 से ज्यादा किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां अलग-अलग स्थानों से मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। लगभग डेढ़ सौ बीघा में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना कोटा ग्रामीण के दीगोद उपखंड के सुल्तानपुर इलाके में हुई। आग शुक्रवार सुबह 11 बजे लगी थी। दमकल की 4 गाड़ियों ने 2 घंटे में इस पर काबू पा लिया। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… सीएफसीएल से भी दमकलें भेजी गईं मुख्य अग्निशमन अधिकारी कोटा राकेश व्यास ने बताया- दीगोद में शुक्रवार को खेत में आग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दीगोद से दमकल को रवाना किया, लेकिन आग काफी तेजी से फैली रही थी। ऐसे में सीएफसीएल से भी दमकलें भेजी गईं। आग पर लगभग 2 घंटे में काबू पा लिया गया। हादसे में कचोलिया निवासी किसान जगदीश मीणा की 50 बीघा और जालिमपुरा निवासी महावीर मीणा की 6 बीघा फसल जल गई। दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं आग की लपटें प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और धुआं तेजी से फैल रहा था। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन बिजली के तारों में स्पार्किंग की आशंका जताई जा रही है। घटना के दौरान किसान बेबस होकर अपनी मेहनत को जलते हुए देखते रहे। अब वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके। वहीं आग की घटना के बाद इलाके के पटवारी भी मौके पर पहुंच हैं। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। किसानों का लाखों का हुआ नुकसान प्रभावित किसान जगदीश मीणा ने बताया- मेरी पचास बीघा में गेहूं की फसल थी। फसल की कटाई नहीं हुई थी। पकी फसल की कीमत करीब पंद्रह लाख से अधिक है। वहीं जालीमपुरा निवासी महावीर ने बताया- करीब तीन से चार लाख का नुकसान हुआ है। कुछ खेतों में कटी फसल भी पड़ी थी जिसे भी आग ने चपेट में ले लिया। जगदीश ने बताया कि एक-दो दिन में फसल कटवाने ही वाले थे। मशीन भी बुलवाई थी लेकिन उससे पहले ही फसल में आग लग गई और सब बर्बाद हो गया। पहले भी खेतों में लगी थी आग 19 मार्च को कोटा ग्रामीण के ही मांदलिया खेड़ी गांव में खेतों में आग लग गई थी। वहीं इसी दिन जगदीश पूरा रोड पर गेहूं के खेत में आग लग गई थी, जिसे दमकलों ने बुझाया था। यहां भी काफी फसल जल गई थी, हालांकि आग को आगे बढ़ने से रोक लिया था।
इनपुट– दिनेश कुमार
