कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र स्थित कलेक्टर चौराहे पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने चाय की थड़ी को उड़ा दिया। फूल प्लाजा होटल के सामने खड़ी चाय की थड़ी को स्विफ्ट डिजायर कार (RJ17CA 4572) ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पूरी थड़ी चकनाचूर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह थड़ी को तोड़ते हुए आगे बढ़ी, नीम के पेड़ से टकराई और फिर दूसरी चाय की थड़ी को भी क्षतिग्रस्त करते हुए आगे निकल गई। थड़ी संचालक महिला दुर्गेश ने बताया कि उन्हें सुबह फोन पर घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका पूरा ठेला टूट चुका था। काउंटर, कुर्सी, टेबल और अंदर रखा सारा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि कार चालक शराब के नशे में था और नियंत्रण खो बैठा। घटना के बाद कार आगे जाकर नयापुरा पोस्ट ऑफिस की गली में बंद हो गई, जहां चालक ने कार को वही खड़ा कर दिया। दुर्गेश ने वहां पहुंचकर गाड़ी की तस्वीर भी ली। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कुछ युवक उनके पास आए और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया, लेकिन दो दिन बाद भी न तो वे संपर्क में हैं और न ही कोई मुआवजा दिया गया। इस पर पीड़िता ने नयापुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
