कोटा शहर पुलिस ने दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला से पर्स लूट और क्रेटा कार चोरी का खुलासा किया। साथ ही 60 लाख कीमत के 245 मोबाइल भी रिकवर किए। तेजस्विनी गौतम ने सिटी एसपी ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि थाना कुन्हाड़ी क्षेत्र से चोरी हुई क्रेटा कार और गुमानपुरा इलाके में महिला से हुई पर्स लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले महिला से पर्स लूट की वारदात की थी। पर्स में मिली आईडी और कार की चाबी के आधार पर उन्होंने मकान की रेकी की और बाद में मौके का फायदा उठाकर घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार चोरी कर ली। मामले में गिरफ्तार आरोपी आशिफ हुसैन उर्फ आशु और सुनील नागर उर्फ कच्चू हैं। दोनों पर पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि 1 मई को कुन्हाड़ी निवासी पंकज अग्रवाल ने अपनी सफेद क्रेटा कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मध्यप्रदेश के आगर जिले के बड़ौद कस्बे में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर चोरी की बिना नंबर की क्रेटा कार सहित दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने 19 अप्रैल को गुमानपुरा क्षेत्र में महिला से पर्स लूट की वारदात करना भी कबूल किया। पुलिस के अनुसार आरोपी सुबह के समय रेकी कर अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। प्रेस वार्ता में एसपी तेजस्विनी गौतम ने एक अन्य बड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि कोटा शहर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 245 महंगे मोबाइल फोन रिकवर किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए है। ये मोबाइल कोचिंग छात्रों और आम लोगों से गुम या चोरी हुए थे। पुलिस ने CEIR पोर्टल और तकनीकी विश्लेषण की मदद से राजस्थान सहित अन्य राज्यों से मोबाइल बरामद किए। अब तक कोटा शहर पुलिस 2032 मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस सुपुर्द कर चुकी है।
