कोटा में अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक दामाद ने पहले तो जमकर हंगामा किया, फिर अपनी जेब से एक शीशी निकालकर खुद के जहर खाकर आने की बात बताई। यह सुनते ही ससुराल वालों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। यह घटना आरकेपुरम थाना क्षेत्र के बोराबास भील बस्ती की है। पप्पू लाल (31) चेचट थाना क्षेत्र के खनी गांव का रहने वाला था। पेशे से मजदूरी करता था। पुलिस ने मर्ग दर्ज करके जांच शुरु कर दी है। बच्चों की जिद पर पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था पति आरकेपुरम थाना ASI लक्ष्मी नारायण ने बताया- पप्पू लाल की शादी 8 साल पहले हुई थी और उसके 4 बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पप्पू अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। आपसी अनबन के बाद पत्नी अपने 2 बच्चों को लेकर मायके (बोराबास स्थित भेरूपुरा भील बस्ती) आ गई थी, जबकि दो बच्चों को पप्पू के पास ही छोड़ आई थी। खुद पप्पू ही उन्हें बोराबास छोड़कर आया था। रविवार शाम करीब 7 बजे पप्पू लाल बच्चों की जिद पर पत्नी को वापस लेने अपने ससुराल बोराबास पहुंचा। वह शराब के नशे में था और वहां हंगामा करने लगा। ससुराल वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। जेब से जहर की शीशी निकालकर दी ASI लक्ष्मी नारायण ने बताया- रात करीब 10 बजे अचानक पप्पू लाल की तबीयत बिगड़ने लगी। उसने ससुराल वालों को बताया- वह पहले से ही जहर खाकर आया था और उसने अपनी जेब से जहर की शीशी निकालकर दिखाई। हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां रात करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पप्पू के पिता मोहन लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
