कोटा में एक नाबालिग पेड़ पर फंदे से लटका मिला। नाबालिग की पहचान अरुण (16) निवासी बोराबास के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस व परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद नाबालिग को नीचे उतारकर इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर मृत घोषित कर दिया। घटना सुबह 6:30 बजे के आसपास आरके पुरम थाना क्षेत्र के बोराबास इलाके की है। बताया जा रहा है कि युवक मंदबुद्धि था जो बिना बताए घर से निकल जाता था। बड़े भाई निखिल ने बताया की तीन भाइयों में अरुण दूसरे नंबर का था। वो मंदबुद्धि था। अक्सर घर से बिना बताए कही भी चला जाता था। मर्जी से घर लौट आता था। रविवार को रात 7-8 बजे खाना खाने के बाद बिना बताए घर से निकल गया। सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास घर से 500 मीटर दूर सरकारी स्कूल के नजदीक एक पेड़ पर फांसी से लटका हुआ मिला। उसने (साफी) गमछे से फांसी लगा रखी थी। पेड़ के पास ऊंची दीवार है। सम्भवतया उसने दीवार पर चढ़कर गमछे से फंदा लगाया है। आरकेपुरम थाना ASI सूरजमल ने बताया कि सुबह अरुण के पेड़ पर फांसी पर लटके होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने बताया की अरुण मंदबुद्धि था शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
