कोटा में निगम चुनाव के प्रचार के दौरान वार्ड 98 में भाजपा और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने हो गए। डीजे चलाने और रास्ता देने को लेकर कुछ युवकों की बहस हो गई। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी अनुसूइया गोस्वामी ने कांग्रेस उम्मीदवार आयुष पारेता और उनके चाचा विनोद पारेता समेत अन्य लोगों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी ओर कांग्रेस पक्ष ने इन सभी आरोपों को मनगढ़ंत और झूठा करार दिया है। यह मामला वार्ड में बुधवार दोपहर का है। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता रात को दादाबाड़ी थाने के बाहर बैठ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की प्रचार गाड़ी में डीजे बंद करने को कहा भाजपा प्रत्याशी अनुसूइया गोस्वामी के अनुसार- मेरी प्रचार गाड़ी पर डीजे लगा था। यह गाड़ी उसी रास्ते से गुजर रही थी, जहां कांग्रेस प्रत्याशी आयुष पारेता की रैली निकल रही थी। तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के वाहन को वापस घुमाने और डीजे पूरी तरह बंद करने को कहा। आरोप है कि जब गाड़ी के ड्राइवर और कार्यकर्ताओं ने डीजे की आवाज धीमी कर वहां से निकलने का प्रयास किया, तो कांग्रेसी समर्थक भड़क गए और उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट व अभद्रता की। वहीं कांग्रेस नेता विनोद पारेता ने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि मौके पर मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी ने अनपढ़ लोगों से गुमराह करके रिपोर्ट पर अंगूठा लगवाया था। जब शिकायतकर्ताओं को सच्चाई का अहसास हुआ, तो उन्होंने रिपोर्ट वापस लेने के लिए थाने में आवेदन भी दिया है, लेकिन पुलिस अब इस पर ध्यान नहीं दे रही है। बहस के बाद हुई थी धक्का-मुक्की कांग्रेस नेताओं का कहना है कि चुनावी लाभ के लिए गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। शिकायत देने वाली महिला लक्ष्मी के अनुसार- चुनाव प्रचार और जनसंपर्क के दौरान डीजे पर गाने बज रहे थे। किसी के द्वारा डीजे की आवाज कम करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए कहा गया। इसी दौरान एक युवक के साथ बहस हो गई, जिसने देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिससे उन्हें चोट आई। मैंने किसी का नाम नहीं लिया, सिर्फ शिकायत दी थी।