कोटा में नयागांव इलाके में मंगलवार को दोपहर में जंगल क्षेत्र में अचानक झाड़ियों में आग लग गई। लगातार धुआं उठता देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग तेजी से फैलने लगी और बढ़ने लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि मंगलवार दोपहर के समय जंगल की झाड़ियों से धुआं उठता देखा गया। कुछ ही देर में आग ने आसपास की सूखी घास और झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। पौधे और झाड़ियां जलकर राख स्थानीय लोगों ने आग की सूचना दमकल विभाग और प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, आग लगने से जंगल के कुछ हिस्से में झाड़ियां और छोटे पौधे जलकर नष्ट हो गए। आग के कारणों का नहीं चला पता प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि दोपहर में अचानक तेज गर्मी होने, सूखी झाड़ियों या किसी की लापरवाही के चलते आग लगी हो सकती है। इधर, बोरखेडा इलाके में भी एक खाली पडे़ प्लॉट में कचरे में आग लग गई थी। जिसमें दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर बुझा दिया।