कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मुख्यालय कोटपूतली को रेलवे लाइन से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तर-पश्चिमी रेलवे ने रेवाड़ी से जयपुर वाया नीमराना, बहरोड़ और कोटपूतली तक 191 किमी लंबी प्रस्तावित रेलवे लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) और डीपीआर तैयार करने के लिए 5 करोड़ 73 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र में आमजन, विभिन्न वर्गों के समाज, व्यापारियों, उद्योगपतियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। इस स्वीकृति के बाद, भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक हंसराज पटेल का अभिनंदन किया। भाजपा नेता और उप प्रधान प्रतिनिधि एडवोकेट राजेंद्र रहीसा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधायक पटेल के कार्यालय पहुंचे और उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सीएम भजन लाल शर्मा और सांसद राव राजेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया। विधायक पटेल को माला, साफा और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक हंसराज पटेल ने कहा- नई रेलवे लाइन बनने से नवगठित कोटपूतली-बहरोड़ जिले का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने बताया कि इससे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को नए आयाम मिलेंगे और आमजन को आवागमन में सुविधा होगी। पटेल ने आगे कहा- यह परियोजना औद्योगिक, व्यावसायिक और व्यापारिक विकास को गति देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोटपूतली देश के नक्शे पर अपनी एक अलग पहचान बनाएगा, जिससे देश के किसी भी हिस्से में आवागमन सरल, सुगम और सस्ता हो जाएगा। इसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रतिनिधि और भाजपा नेता पंकज पटेल का भी आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा नेता एडवोकेट राजेंद्र रहीसा, एडवोकेट मुकेश चनेजा, डॉ.अशोक गुप्ता, सरपंच सोनू चौधरी, मंडल अध्यक्ष एडवोकेट रमेश रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कमल सैनी और भाजयुमो जिला संयोजक एडवोकेट कमल कसाना सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
