कोटपूतली जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने शुक्रवार को राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी बात की। मरीजों को बेहतर व्यवस्था देने के निर्देश दिए कलेक्टर ने मेडिकल इमरजेंसी, ट्रोमा सेंटर, ब्लड बैंक, आईसीयू, डायलिसिस, एसएनसीयू, एमसीएच, सोनोग्राफी, आईपीएचएल लैब, रामाश्रय और दवा वितरण केंद्र सहित विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मरिजों और उनके तीमारदारों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। इमरजेंसी और पीएनसी सहित अन्य वार्डों में उन्होंने मरीजों से चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम पूछा। कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा निःशुल्क दवा और निःशुल्क जांच जैसी सुविधाओं के बारे में भी पूछा। उन्होंने चिकित्सीय जांच के लिए उपलब्ध सभी उपकरणों के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों और चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, वार्डों में रोगियों के बिस्तरों की चादरें नियमित रूप से बदलने, नियमित सफाई करने और चिकित्सालय में निर्बाध बिजली सप्लाई और पेयजल व्यवस्था ठीक रखने के निर्देश दिए। रोजाना 2500 से 3000 की ओपीडी कलेक्टर ने दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने और ड्रग हाउस से समन्वय बनाकर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बात की, दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। चिकित्सालय में बनाए गए औषधि पार्क का अवलोकन कर उन्होंने चिकित्सा प्रशासन की इस पहल की सराहना की। इस दौरान, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत और पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने बताया कि चिकित्सालय में प्रतिदिन औसतन 2.5 से 3 हजार ओपीडी और लगभग 175 आईपीडी चल रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी (दवा) योजना के तहत एमएनडीवाई स्टोर में 618 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं।