कोटपूतली-बहरोड़ जिले में धरने प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों पर कुछ लोगों ने फायरिंग और पथराव कर दिया। घटना में 10 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। घटना सरूंड थाना क्षेत्र के अजीतपुरा कुजेता गांव में सोमवार सवेरे करीब 11ः30 बजे की है। दरअसल, ग्रामीण आबादी क्षेत्र में खनन और डीप होल ब्लास्टिंग के विरोध में धरना प्रदर्शन करने आए थे। हालांकि, 292 दिन से चल रहे धरने को प्रशासन ने 30 मई को हटाया था। इसके बाद सोमवार को एक बार फिर से ग्रामीण धरने पर बैठे थे। पहले देखें घटना से जुड़ी तस्वीरें… कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह ने बताया- दोपहर 11:30 बजे सूचना मिली की कोटपूतली-बहरोड़ जिले सरुंड थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुरा कुजेता में फायरिंग हो गई है। सूचना पर टीम गांव और अस्पताल पहुंची। 10 घायल, तीन गंभीर हालत में रेफर
फायरिंग में 10 ग्रामीण घायल हो गए। जिसमें से तीन को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। घायलों में मदन वर्मा (69), सुगनचंद (65), दशरथ (40), करिश्मा (16), महेंद्र (46), जगदीश (60) और कालू (60) शामिल हैं। वहीं विनय सिंह (26), दीपक (29) और कालू खान (65) को गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया है। आबादी क्षेत्र में खनन का विरोध
अजीतपुरा कुजेता के नेतराम ताकड़ ने बताया- 292 दिन पहले ग्रामीणों की ओर से नेशनल लाइम स्टोन कंपनी की ओर से आबादी क्षेत्र में खनन और डीप होल ब्लास्टिंग के विरोध में धरना प्रदर्शन शुरु किया। 30 मई को प्रशासन की ओर से धरने को जबरदस्ती हटा दिया गया और सामान जब्त कर लिया। ग्रामीणों ने तय किया था कि सोमवार सुबह 9 बजे से कोटपूतली-बहरोड़ जिला कलेक्ट्रट पर ज्ञापन देने के बाद धरना प्रदर्शन शुरु किया जाएगा। पत्थर डालकर रास्ता किया बंद
नेतराम ताकड़ ने बताया- सुबह कोटपूतली एसडीएम योगेश सिंह देवल की ओर से ग्रामीणों को फोन आया और कहा गया कि आप अपना धरना प्रदर्शन का जब्त किया हुआ सामान ले जाओ। कलेक्ट्रट की जगह, जहां पहले धरना प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं करो। इसके बाद ग्रामीण कोटपूतली जाकर सामान लेकर आ गए। सामान लेकर गांव के पास स्थित श्मशान भूमि के पास धरना देने पहुंचे। लेकिन, खनन माफियाओं ने पहले जगह को पत्थर डालकर बंद कर दिया था। धरना स्थल पर की फायरिंग और पथराव
ग्रामीणों ने बताया- रास्ता बंद देखकर कुछ ग्रामीण वापस कोटपूतली में तहसीलदार ऑफिस पहुंचे, जबकि कुछ लोग श्मशान भूमि पर ही रुके रहे। इस दौरान तीन कैंपर में सवार होकर कुछ बदमाश धरना स्थल पर पहुंचे और मौके पर मौजूद गांव वालों पर फायरिंग के साथ पथराव कर दिया। इस दौरान मौके पर खड़ी बाइकों को पत्थरों से क्षतिग्रस्त भी कर दिया। इस दौरान गांव वालों ने भागकर जान बचाई। मौके से कारतूस के दो खोल मिले
एसपी ने बताया- मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने कारतूस के दो खोल बरामद किए हैं। गोली लगने से कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की टीम आरोपियों की तालश कर रही है। … यह खबर भी पढ़ें जयपुर में प्रॉपर्टी कारोबारी पर गोली चलाई, VIDEO:3 गाड़ियों में आए बदमाशों ने घेरकर फायरिंग की; पीड़ित ने आरोपियों की गाड़ी को मारी टक्कर जयपुर में घर से मंदिर के लिए निकले एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। कारोबारी सुबह घर से फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान 3 लग्जरी गाड़ियों में आए बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोली चला दी। गोली फॉर्च्यूनर गाड़ी के बोनट से टकराकर फ्रंट शीशे में जाकर लगी और कारोबारी बच गया। (यहां पढ़ें पूरी खबर)
